IndiGo Crisis: सात दिन बाद भी रनवे पर नहीं इंडिगो एयरलाइन की अधिकांश फ्लाइट्स, UP में 24 रद
/file/upload/2025/12/5190807070270333430.webpलखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्री
जागरण संवाददाता, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के महानगरों से देश और विदेश के लिए संचालित इंडिगो एयरलाइन की अधिकांश फ्लाइट्स सात दिन बाद भी रन वे पर नहीं हैं। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर में यात्री परेशान हैं। सोमवार को पहले से स्थिति तो सुधरी है, लेकिन अभी भी अपेक्षित सुधार नहीं है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
लखनऊ एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो एयरलाइन की 22 फ्लाइट रद हो गई हैं। यात्रियों को उड़ान रद होने की सूचना देरी से मिली। इसके कारण तमाम यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच गए। जिसके कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतार लग गई। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी और वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से उड़ानें सोमवार को भी निरस्त रहीं। प्रयागराज से सोमवार को सारी फ्लाइट संचालित हैं। यहां से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु की इंडिगो की फ्लाइट है। कोई भी कैंसिल नहीं है। अकासा की मुंबई के लिए फ्लाइट है।
कानपुर से हैदराबाद और दिल्ली की उड़ान निरस्त है। मुंबई की उड़ान ही आज आएगी। शुक्रवार और शनिवार की अपेक्षा रविवार को विमानों के निरस्त होने की संख्या में कुछ कमी आई। लखनऊ में शनिवार रात 12:35 बजे मुंबई से लखनऊ आने वाली उड़ान 6ई-5264 निरस्त रही। इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों को उड़ानों के निरस्त होने की सूचना एसएमएस से भेज दी थी। लगातार निरस्त होने से दूसरी उड़ानों का विकल्प लेने से यात्री कतराते रहे।
इस कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर रविवार को अपेक्षाकृत कम यात्री ही पहुंचे। अधिकांश ने इंडिगो एयरलाइन के काउंटर पर दूसरे दिन की उड़ानों के टिकट का विकल्प चुनने के लिए जिद्दोजहद की। इंडिगो एयरलाइन के कर्मचारी यात्रियों का सहयोग नहीं कर रहे थे।
चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 41, शनिवार को 42 उड़ानें निरस्त थीं, जबकि रविवार को घटकर 33 हो गईं। इसमें अधिकांश उड़ानें सुबह छह से 11 और दोपहर 3:30 से शाम 7:30 बजे की हैं। दोपहर में स्थिति सामान्य रही। रविवार को वारणसी से 22 और कानपुर से आठ फ्लाइट्स रद थीं। वाराणसी से इंडिगो की कुल 44 उड़ानें हैं यानी 22 आगमन और 22 प्रस्थान की। इनमें हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता से आने वालीं पांच उड़ानें निरस्त रहीं। इसके अलावा पुणे से आने वाला विमान दो घंटे विलंब से आया। शेष उड़ानें तय समय से आईं और यहां से रवाना हुईं।
मलेशियाई यात्री का चौथे दिन भी नहीं मिला लगेज
वाराणसी में मलेशिया से आए सुंदरम नाथन को रविवार को चौथे दिन लगेज नहीं मिला। वह गुरुवार की शाम पांच बजे अहमदाबाद से वाराणसी पहुंचे थे। विमान में उनका एक बैग ही आया। एक दूसरा बैग जिसमें दवाएं आदि थीं, वह नहीं मिला। इसकी शिकायत भी की, लेकिन एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि वह अहदमबाद में छूट गया है। उन्हें मंगलवार को वापस मलेशिया जाना है। अधिकारियों ने कहा है कि सोमवार को भी बैग नहीं आता तो उनका बैग मलेशिया में बताए पते पर भेजा जाएगा।
Pages:
[1]