MSP 2389 रुपये, किसानों से खरीदी 1800-1900 में; व्यापारियों ने 5700 एमटी धान भेजा आंध्रप्रदेश
/file/upload/2025/12/9109247732234393077.webpकिसानों से कम मूल्य पर क्रय कर 5700 एमटी धान भेजा गया आंध्रप्रदेश। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास)। एक तरफ सरकार किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने के लिए पैक्स से अधिप्राप्ति को तेज करने की कार्रवाई कर रही है, तो दूसरी तरफ धीमी गति से धान अधिप्राप्ति करने के कारण किसान व्यापारियों को कम मूल्य पर धान बिक्री करने को विवश हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
धान बेचकर रबी फसल की बोआई और अन्य कार्यों के लिए किसान कम दाम पर धान बेच रहे हैं। इसका लाभ उठाकर व्यापारी 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद रहे हैं, जबकि सरकार ने धान का निर्धारित मूल्य 2389 रुपये निर्धारित किया है।
5700 एमटी धान भेजा गया समालकोट
अब तक पहलेजा रैक प्वाइंट से वाराणसी के व्यापारी जानकी ट्रेडर्स द्वारा तीन रैक में 5700 मीट्रिक टन धान रेलवे के माध्यम से आंध्रप्रदेश के समालकोट स्टेशन भेजा गया है। यह धान स्थानीय व्यापारियों द्वारा समर्थन मूल्य से कम दाम में किसानों से क्रय कर जानकी ट्रेडर्स को दिया गया है।
कहते हैं किसान
दुर्गापुर निवासी किसान विकास दुबे, सचिन कुमार समेत अन्य कहते हैं कि किसानों को रबी फसल की बोआई के लिए तत्काल राशि चाहिए। इस कारण जिस मूल्य में भी व्यापारी धान क्रय किए, नकद बेचकर किसान भुगतान प्राप्त कर लिए। ना नमी की झंझट ना बाद में मूल्य मिलने की समस्या। तत्काल राशि व्यापारियों को धान बेचने पर प्राप्त हो जाती है, ताकि उर्वरक और गेहूं का बीज क्रय करने में समस्या नहीं हो सके। पैक्स में अब धीरे-धीरे धान क्रय प्रारंभ हुआ है।
कहते हैं अधिकारी
सासाराम भभुआ सेंट्रल को-आपरेटिव बैंक के एमडी अरविंद पासवान कहते हैं कि जिले के 227 पैक्स में से 226 में धान अधिप्राप्ति प्रारंभ हो गई है। सभी निबंधित किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर क्रय किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें उचित कीमत प्राप्त हो सके।
Pages:
[1]