अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया झारखंड, जनजातीय समाज को दी पहचान... सुशासन दिवस पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा का दावा
/file/upload/2025/12/8422555474211619250.webpजागरण संवाददाता, धनबाद। भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर के अंतर्गत मंगलवार को जगजीवन नगर मैदान में धनबाद विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति दिवस सह सुशासन दिवस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की मुख्य अतिथि भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी रहीं। सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों ने अटल जी के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाकर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया अलग झारखंड
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि, हम सभी के युगद्रष्टा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए यहां उपस्थित हुए हैं। अटल जी का व्यक्तित्व एक ऐसी त्रिवेणी था जिसमें राजनीति की शुचिता साहित्य की कोमलता और राष्ट्रवाद की प्रखरता का अद्भुत संगम दिखाई देता है।
उनका ओजस्वी जीवन भारतीय लोकतंत्र के मूल्यों और आदर्शों की एक जीवन गाथा है। झारखंड की मिट्टी का कण-कण अटल जी का ऋणी है। वर्ष 2000 में अटल जी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने झारखंड राज्य का गठन किया था। तब उन्होंने कहा था यह राज्य की संघर्षशील जनता को सम्मान देने का संकल्प है ।
25 वर्षों की इस यात्रा पर पीछे मुड़कर देखे तो यह साफ दिखाई देता है कि भाजपा ने झारखंड को पहचान से प्रगति और संघर्ष से सफलता तक की यात्रा का मार्ग दिखाया।
जनजातीय मंत्रालय की स्थापना अटल जी ने की थी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना भी अटल जी ने की थी। आज देश के प्रधानमंत्री अटल जी के विरासत को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे है।
आगे कहा कि मोदी सरकार ने अटल जी के सुशासन गुड गवर्नेंस के विजन को समर्पित कई महत्वपूर्ण नीतियां और योजनाएं संचालित की है। सरकार ने अटल जी की जयंती पर 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के तौर पर घोषित किया है। जो पारदर्शिता और जवाबदेही का प्रतीक है। अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
भारत विश्व का सिरमौर बने अटल जी का था सपना
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भारतवर्ष विश्व का सिरमौर बने अटल जी का सपना था जिसमे देश के प्रधानमंत्री मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण देकर उन्होंने भारतीय संस्कृति का परचम विश्व पटल पर लहराया। वे अजातशत्रु कहे जाने वाले नेता थे, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और सर्वसम्मति से शासन करने की परंपरा को मजबूत किया।
तीन हजार भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया भाग
सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रवण राय व संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र हांसदा ने किया। सम्मेलन में तीन हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। जिसमें महिलाओं की संख्या विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कविताओं का किया गया पाठ
सम्मेलन के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी जी की कविताओं का पाठ सुधा मिश्रा एवं शिल्पी घोष ने मंच से किया। जिसे सुनकर पूरा पंडाल भावविभोर हो उठा। वहीं मौजूद कार्यकर्ताओं ने “अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
सम्मेलन को ये भी किए संबोधित
सम्मेलन को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल, रमेश राही, प्रियंका पाल, रुपेश सिन्हा,रीता यादव, पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित, अभिमन्यु कुमार, विभा रानी सिंह, पुरुषोत्तम रंजन ने किया। जबकि मौके पर बसंती सिंह, गौतम चौधरी, रंजय सिंह, हुल्लास दास, मनोज गुप्ता, सन्नी रवानी, इंद्रभूषण कुशवाहा समेत हजारों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहें।
Pages:
[1]