Year Ender 2025: मथुरा के खिलाड़ियों ने खेल जगत में लहराया परचम, ऐतिहासिक रहा बीता साल
/file/upload/2025/12/8908741921880668455.webpफाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, मथुरा। धर्म और आध्यात्म की नगरी मथुरा अब केवल कान्हा की भक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खेल प्रतिभाओं के लिए भी देश-दुनिया में अपनी पहचान बना रही है। वर्ष 2025 जिले के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कुश्ती के अखाड़े से लेकर तीरंदाजी के सटीक निशानों और एथलेटिक्स के ट्रैक तक, ब्रज के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और जज्बे से पदकों की झड़ी लगा दी है। एक वर्ष के भीतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले के खिलाड़ियों द्वारा किए गए प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि यहां की मिट्टी में न केवल भक्ति है, बल्कि कौशल और अपार शक्ति भी है।
कुश्ती में ब्रज का दबदबा, एक साल में जीते 57 पदक
वर्ष 2025 में मथुरा की कुश्ती ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। जिला कुश्ती संघ के मार्गदर्शन में जिले की कुश्ती टीम ने विभिन्न आयु वर्गों में कुल 57 पदक जीतकर प्रदेश में जिले का मान बढ़ाया। इन पदकों में 15 स्वर्ण, 30 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। जिले के पहलवान न केवल पदक जीत रहे हैं, बल्कि खेल कोटे से देश की सेवा भी कर रहे हैं। नीलम सिरोही ने 2025 नेशनल सीनियर गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। वह वर्तमान में रेलवे में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
इसी तरह, राजवीर चौधरी और लवेश चौधरी भारतीय सेना में सेवारत रहते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं। लवेश ने 2025 में ब्रिगेड और इंटर-बटालियन चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई। वहीं, चंचल सिरोही उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं और उन्होंने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
2025 में जिले के खिलाड़ियों ने लिखा स्वर्णिम अध्याय
शादाब पहलवान ने 2025 नेशनल ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले जिले के पहले पहलवान बने। विनय चौधरी ने निरंतरता का परिचय देते हुए 2023, 2024 और 2025 में लगातार राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीते।
महिला पहलवानों में स्वाति ने विशेष उपलब्धि हासिल की। वह प्रत्येक चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली एकमात्र महिला पहलवान बनीं और उन्होंने 2025 नेशनल गेम्स में भी प्रतिभाग किया। काजल चौधरी और खुशी चौधरी ने भी सीनियर और स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। वहीं रवि कुंतल और दीपक पहलवान जैसे खिलाड़ियों ने 2025 में पदक जीते हैं और अब उनकी निगाहें 2026 में होने वाले यूनिवर्सिटी गेम्स और नेशनल ट्रेडिशनल कुश्ती पर टिकी हैं।
तीरंदाजी में वैश्विक पटल पर सधे निशाने
तीरंदाजी में जिले के खिलाड़ियों ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2025 में यहां के तीरंदाजों ने सब-जूनियर से लेकर यूनिवर्सिटी गेम्स तक हर जगह पोडियम पर जगह बनाई। वरेण्या राणा ने जहां नेशनल रैंकिंग में स्वर्ण और खेलो इंडिया में कांस्य जीता, वहीं उन्होंने कनाडा के विन्निपेग में आयोजित वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। आर्यन राणा ने जर्मनी के एसेन में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में प्रतिभाग किया।
आर्यन ने आल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी में मेडल और ओडिशा में आयोजित रैंकिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निष्ठा गुप्ता व ऋतु शर्मा ने वर्ष 2025 में अद्भुत प्रदर्शन किया। निष्ठा ने एसजीएफआइ नेशनल में दो स्वर्ण व एक रजत, नेशनल रैंकिंग में स्वर्ण और खेलो इंडिया टूर्नामेंट (अंबाजी, गुजरात) में स्वर्ण पदक जीता। बीता वर्ष युवा खिलाड़ी ऋतु शर्मा के लिए उपलब्धियों भरा रहा। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर नौ पदक अपने नाम किए।
ऋतु ने चंदौली में आयोजित स्कूल स्टेट चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और एक कांस्य, बाराबंकी में संपन्न हुई सब-जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में तीन कांस्य व वहीं, स्कूल मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी दो कांस्य पदक जीतकर साबित कर दिया कि वह आने वाले समय की बड़ी स्टार हैं। वहीं कुलश्रेष्ठ ने अंडर-13 नेशनल में रजत व कांस्य, अरविंद चौधरी ने 45वीं जूनियर नेशनल में रजत, ओम तिवारी ने एसजीएफआइ नेशनल में रजत व कांस्य, विशाल सविता ने आल इंडिया यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में कांस्य पदक प्राप्त किया।
एथलेटिक्स- रफ्तार और ताकत का बेजोड़ प्रदर्शन
ट्रैक एंड फील्ड में भी मथुरा के खिलाड़ियों ने 2025 में नए कीर्तिमान स्थापित किए। पैरा-एथलेटिक्स में भी जिले को बड़ी सफलता मिली है।
नरी छाता निवासी अंतरराष्ट्रीय पैरा-एथलीट राम रतन ने मथुरा का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। उन्होंने वर्ष 2025 में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स (नई दिल्ली) और 7वीं इंडियन ओपन पैरा इंटरनेशनल चैंपियनशिप (बैंगलुरु) में डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा खेलो इंडिया 2025 में क्लब थ्रो और डिस्कस थ्रो दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं अमित कुमार ने प्रयागराज में आयोजित 36वीं नार्थ जोन एथलेटिक्स मीट में अमित ने 400 मीटर दौड़ और 400 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। रजत कुमार ने भाला फेंक में 77.99 मीटर का थ्रो करके 36वीं नार्थ जोन मीट में स्वर्ण पदक जीता। लंबी दूरी की धाविका सोनिया उपाध्याय ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 3000 मीटर में स्वर्ण, 5000 मीटर में रजत व 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स (भुवनेश्वर) में कांस्य पदक हासिल किया।
Pages:
[1]