200 नई बोलेरो-अपडेटेड डायल 112 से रांची पुलिस बनेगी आधुनिक, गश्ती और अपराध नियंत्रण पर बढ़ेगी रफ्तार
/file/upload/2026/01/3926755250850747023.webpसांकेतिक तस्वीर
प्रिंस श्रीवास्तव, रांची। नए वर्ष में रांची पुलिस को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। पुलिस विभाग के लिए दो सौ बोलेरो वाहन खरीदे जा चुके हैं, जिन्हें फिलहाल झारखंड जगुआर परिसर में रखा गया है। जल्द ही इन सभी वाहनों को रांची पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।
जिला के कई थानों में तैनात पुराने वाहन जर्जर हालत में हैं। कई पीसीआर वाहन कबाड़ हो चुके हैं, जबकि कई अपनी अंतिम अवस्था में हैं। ऐसे में नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है। नए बोलेरो वाहन मिलने से रांची पुलिस की गश्ती व्यवस्था और मजबूत होगी।
शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच तेज और प्रभावी हो सकेगी। अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस तेजी से मौके पर पहुंच पाएगी, जिससे अपराधियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। खासकर पीछा कर कार्रवाई करने में इन वाहनों की भूमिका अहम होगी।
आधुनिक और मजबूत वाहनों से पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा। लंबे समय से संसाधनों की कमी से जूझ रही पुलिस को अब राहत मिलेगी। नए वाहन न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होंगे, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
इससे पहले रांची पुलिस को सौ नई बाइकें भी उपलब्ध कराई गई थीं, जिससे त्वरित गश्ती और संकरी गलियों में कार्रवाई आसान हुई थी। अब बोलेरो वाहनों के जुड़ने से पुलिस और अधिक आधुनिक व सक्षम बनेगी। नए संसाधनों के साथ रांची पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक कदम आगे बढ़ेगी।
डायल 112 का साफ्टवेयर बदला जाएगा, पुलिस को मिलेगी मदद
डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। डायल 112 का साफ्टवेयर बदला जाएगा, जिससे पुलिस को डेटा एनालाइज करने में आसानी होगी। नए साफ्टवेयर के लागू होने के बाद डायल 112 पर आने वाली हर काल का पूरा रिकार्ड पुलिस के पास उपलब्ध रहेगा। इसमें काल का समय, स्थान, काल का कारण, उस पर की गई कार्रवाई और पुलिस के पहुंचने में लगा समय तक की पूरी जानकारी दर्ज होगी।
फिलहाल पुलिस के पास ज्यादा मजबूत सिस्टम नहीं है, जिससे डायल 112 से जुड़े डेटा का विश्लेषण किया जा सके। नए साफ्टवेयर से यह समस्या दूर होगी और पुलिस काल पैटर्न, अपराध के समय और इलाकों की पहचान कर सकेगी। इससे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त गश्ती और संसाधनों की तैनाती संभव हो पाएगी।
आधुनिक तकनीक से लैस डायल 112 प्रणाली जवाबदेही भी बढ़ाएगी। हर काल पर हुई कार्रवाई का रिकार्ड रहने से लापरवाही पर रोक लगेगी और सेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे आम लोगों को तेज और बेहतर पुलिस सहायता मिलेगी। नए साफ्टवेयर के जरिए डायल 112 एक स्मार्ट और भरोसेमंद आपात सेवा के रूप में काम करेगा।
14 करोड़ 84 हजार रुपये का नशीला पदार्थ, 2582 एकड़ में लगे अफीम की खेती नष्ट
रांची पुलिस ने वर्ष 2025 में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 करोड़ 84 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए नशीले पदार्थों में अफीम, ब्राउन शुगर, गांजा और डोडा सिरप शामिल हैं। इस दौरान कुल 87 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 156 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा। पुलिस के द्वारा पहले ही नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा रांची पुलिस के द्वारा 2582 एकड़ लगा हुआ अफीम की खेती को नष्ट किया गया है।
विभिन्न गिरोहों से जुड़े 44 अपराधी गिरफ्तार
रांची पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न गिरोहों से जुड़े 44 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपित किसी न किसी आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं।
बरामद सामान में नौ पिस्टल, 68 गोलियां, 11 मैगजीन, आठ कट्टा और 27 अतिरिक्त गोलियां शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम है। आगे भी संगठित अपराध पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अवैध हथियार के साथ पकड़ गए 86 लोगों को भेजा गया जेल
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 86 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके पास से कुल 106 हथियार, 362 गोलियां, 28 मैगजीन और 23 खोखा बरामद किए गए हैं। वहीं, पूरे वर्ष के दौरान छिनतई की 198 घटनाएं सामने आईं, जिनमें 29 आरोपियों को जेल भेजा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 52 मोबाइल फोन, चार सोने की चेन और उनके दो टुकड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा दो पर्स और 13 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
17 नक्सलियों को भेजा गया जेल
पूरे वर्ष नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस दौरान कुल 17 नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सलियों के पास से अवैध हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। जब्ती में आठ देशी कट्टा, दो पिस्टल और 34 गोलियां शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से आगे भी सघन छापेमारी और कार्रवाई जारी रहेगी। इसके अलावा तीन आरोपित को थाना हाजरी लगवाया जा रहा है। दस लोगों पर सीसीएक का प्रस्ताव है जबकि 20 पर निगरानी का प्रस्ताव है।
अवैध बालू और कोयला के खिलाफ भी पूरे वर्ष चला अभियान
रांची पुलिस ने अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बालू की अवैध तस्करी में शामिल 78 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नौ आरोपितों और गिट्टी के अवैध कारोबार में संलिप्त सात लोगों को भी जेल भेजा गया है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा बालू और कोयला बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Pages:
[1]