मां और पत्नी का सिर ईंट से कूंचकर मांस खाने वाला हैवान बोला- मैं नशे में था, फिर...
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/13/article/image/kushinagar-murder-(1)-1768321844854.jpgरोत-बिलखते परिजन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मां और पत्नी का सिर ईंट से कूंचकर मांस खाने वाला हैवान सिकंदर गुप्ता बहकी-बहकी बात कर रहा है। कभी बोल रहा है कि नशे में था तो कभी कह रहा है कि उसे कुछ याद नहीं है। उसे एम्स के मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। एक से दो दिन में डॉक्टर उसका मानसिक परीक्षण पूरा कर लेंगे। इसके बाद उसके व्यवहार और हैवानियत के बारे में जानकारी मिलेगी।
कुशीनगर के अहिरौली थाना के परसा गांव निवासी 30 वर्षीय सिकंदर गुप्ता ने सोमवार को छत पर धूप में बैठी मां रूना देवी का सिर ईंट से कूंच दिया। सास को बचाने पहुंची प्रियंका पर भी हमला कर दिया। दोनों की मृत्यु के बाद सिर से निकले मांस के को खाने लगा था। कुशीनगर पुलिस मंगलवार को उसे लेकर एम्स में पहुंची थी।
दोनों हाथ बांधकर ले आया गया था
सिकंदर गुप्ता की हैवानियत से पुलिसकर्मी भी हैरान हैं। आमतौर पर आरोपितों का एक हाथ बांधकर अस्पताल ले आया जाता है लेकिन उसकी हैवानियत देखकर दोनों हाथों को हथकड़ी से बांध दिया गया था। एम्स में उसे लेकर दो पुलिसकर्मी पहुंचे थे। वह एक पुलिसकर्मी को बहुत घूरकर देख रहा था। इस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि, मुझे क्यों घूर रहे हो, मुझे भी मारोगे क्या। इस पर वह कुछ नहीं बोला।
भर्ती होते ही मचाने लगा शोर
एम्स में मानसिक रोग विभाग की आइपीडी में भर्ती होने के बाद सिकंदर शोर मचाने लगा। इस पर उसे एक कमरे में रखा गया। कमरे में दो पुलिसकर्मियों के साथ ही एम्स प्रशासन ने गार्डों की भी ड्यूटी लगाई है। उसकी आक्रामकता को देखते हुए डाक्टरों ने नींद का इंजेक्शन लगाया है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे रोगियों की मन:स्थिति की जानकारी एक से दो दिन बाद ही मिल पाती है। उस पर नजर रखी जा रही है। पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
Pages:
[1]