deltin33 Publish time 1 hour(s) ago

बोधगया में तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव की तैयारी शुरू, सात देशों के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/14/article/image/Bodhgaya-(1)-1768408748668.jpg

तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर। फोटो जागरण



संवाद सूत्र, बोधगया। बोधगया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यह अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव 22 जनवरी से शुरू होकर 24 जनवरी तक चलेगा। महोत्सव में इस वर्ष सात देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसमें जापान, लाओस, इंडोनेशिया, श्रीलंका, वियतनाम ,थाईलैंड और भारत के कलाकार शामिल होंगे।

महोत्सव का आयोजन बोधगया के ऐतिहासिक कालचक्र मैदान में किया जा रहा है, जहां मंच, पंडाल, लाइटिंग और साउंड सिस्टम का कार्य तेज़ी से चल रहा है। आयोजन को समय पर पूरा करने के लिए दो शिफ्टों में लगातार काम किया जा रहा है। प्रशासन और आयोजन समिति पूरे कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में जुटी हुई है। इस बौद्ध महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, शांति, अहिंसा और करुणा के संदेश को विश्वभर तक पहुंचाना है। साथ ही विभिन्न देशों की बौद्ध संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करना भी इसका प्रमुख आकर्षण है।

हर देश के कलाकार अपने-अपने देश की पारंपरिक नृत्य एवं संगीत शैली के माध्यम से बौद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। इससे दर्शकों को एशियाई देशों की सांस्कृतिक विविधता को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। महोत्सव के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु, पर्यटक और संस्कृति प्रेमी बोधगया पहुंचने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों में भी महोत्सव को लेकर खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि यह आयोजन न सिर्फ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा, बल्कि बोधगया के पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
देश–विदेश के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव की भव्य आयोजन की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी शशांक शुभंकर कर रहे हैं। वे अब तक कई बार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दे चुके हैं।

महोत्सव के पहले दिन मशहूर भारतीय गायक जावेद अली, दूसरे दिन रूप कुमार, जबकि तीसरे और अंतिम दिन भूमि त्रिवेदी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस महोत्सव को और भव्य बनाने के लिए छह अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध देशों से कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जापान से 6 कलाकार, लाओस और इंडोनेशिया से कुल 15, श्रीलंका से 15, वियतनाम से 10 और थाईलैंड से 15 कलाकार इस महोत्सव में शामिल होंगे। ये कलाकार अपने-अपने देशों की पारंपरिक बौद्ध नृत्य और संगीत की प्रस्तुति देंगे, जिससे बोधगया की धरती पर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक रंग देखने को मिलेगा।
बौद्ध महोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मुस्तैद

बोधगया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। बौद्ध महोत्सव के दौरान कालचक्र मैदान और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस, सादा वर्दी में जवान और स्पेशल टीम की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन जांच व्यवस्था लागू रहेगी। भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात रूट को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा। महोत्सव के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, वहीं वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। ड्रोन कैमरे से भी सुरक्षा पर नजर रखे जाने की संभावना है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और दमकल वाहन भी मौके पर तैनात रहेंगे।
Pages: [1]
View full version: बोधगया में तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव की तैयारी शुरू, सात देशों के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Get jili slot free 100 online Gambling and more profitable chanced casino at www.deltin51.com