LHC0088 Publish time 2026-1-19 08:27:13

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में हर पॉकेट में बनेंगे कम्युनिटी सेंटर, मिलेंगी खास सुविधाएं

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/19/article/image/GDA-VC-1768791798132.webp

नंद किशोर कलाल, जीडीए वीसी। जागरण



जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्राधिकरण ने मधुबन बापूधाम के हर पॉकेट में कम्युनिटी सेंटर निर्माण की तैयारी शुरू की है। योजना की डी पॉकेट में सेंटर बनने के बाद अब ए पॉकेट में भी तीन मंजिला आधुनिक कम्युनिटी सेंटर बनाने की योजना पर काम तेजी से शुरू किया गया है। इसके लिए 2,282 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित कर लेआउट की प्रक्रिया जारी है।

मधुबन बापूधाम योजना 1,234 एकड़ में विकसित की जा रही है, जिसमें छह पॉकेट हैं। प्राधिकरण हर पॉकेट में एक ऐसा सेंटर बनाने की योजना पर काम रहा है, जहां स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान और सामुदायिक गतिविधियों की सुविधा लेने के लिए योजना के बाहर का रूख न करना पड़े।

योजना के ए पॉकेट में बनने वाला कम्युनिटी सेंटर तीन मंजिला और बेसमेंट के साथ तैयार किया जाएगा। बेसमेंट में बैंक, पोस्ट आफिस आदि सरकारी सेवाओं के लिए स्पेस होगा। भूतल पर दुकानों और छोटे कारोबारी प्रतिष्ठानों के लिए जगह दी जाएगी।

पहली और दूसरी मंजिल पर पार्टी हाल, कोचिंग सेंटर, हॉस्टल और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हाल बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 17 करोड़ रुपये अनुमानित है, जिसे 16वें वित्त आयोग से धनराशि स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
डिस्ट्रिक्ट सेंटर बनेगा, व्हीकल फ्री जोन

मधुबन बापूधाम में 88 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में एक डिस्ट्रिक्ट सेंटर विकसित करने की तैयारी है। यहां माल, शोरूम, रेस्टोरेंट, आफिस और ब्रांडेड स्टोर्स खोले जाएंगे। इस व्यावसायिक केंद्र में 100 वर्ग मीटर के 47, 162 वर्ग मीटर के 38 और 281.50 वर्ग मीटर के 10 भूखंड शामिल हैं। इसे व्हीकल फ्री जोन बनाने की योजना है। ताकि पैदल और दिव्यांगजन को आसानी से आवागमन की सुविधा मिल सके। बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष डिजाइन तैयार किया जा रहा है।




मधुबन बापूधाम को तेजी से विकसित किया जा रहा है। हर पॉकेट में कम्युनिटी सेंटर बनाने की योजना है ताकि लोगों को अपनी पॉकेट में ही सभी सुविधाएं मिल सकें और उन्हें जरूरत का सामान लेने या अन्य सुविधाओं के लिए अन्य जगह न जाना पड़े।



-

- नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
Pages: [1]
View full version: गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में हर पॉकेट में बनेंगे कम्युनिटी सेंटर, मिलेंगी खास सुविधाएं