हरियाणा में नहीं थम रहे यौन अपराधों के मामले, मासूम बच्ची-दो नाबालिग बहनों; महिला डॉक्टर और युवती से दुष्कर्म
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/19/article/image/haryana-rape-1768805155180.webpहरियाणा में यौन अपराधों का तांडव: मासूम बच्चियों से लेकर महिलाओं तक असुरक्षित।
जागरण टीम, हिसार। प्रदेश में महिलाओं और मासूम बच्चियों के खिलाफ यौन अपराध लगातार बढ़ रहा है। अलग-अलग जिलों से आई चार घटनाओं ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। कहीं नाबालिग बहनों को रिश्तेदार ही देह व्यापार में धकेलते पाए गए, तो कहीं भरोसे का फायदा उठाकर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म किया गया। वहीं एक अन्य मामले में पांच वर्षीय बच्ची भी हैवानियत का शिकार बनी।
वहीं, पलवल में एक युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। यमुनानगर की एक कालोनी में दो नाबालिग सगी बहनों के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की काउंसिलिंग में यह मामला खुला। काउंसिलिंग में सामने आया कि किशोरियों से उसकी बुआ व फूफा वेश्यावृत्ति करा रहे हैं। फूफा उनके साथ गलत काम कर चुका है।
अब इन किशोरियों को अलग-अलग लोगों के पास भेजा जा रहा है। किसी तरह से किशोरियां सीडब्ल्यूसी के पास पहुंची। उनकी सिफारिश पर महिला थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दो केस दर्ज किए हैं। काउंसिलिंग रिपोर्ट पुलिस को मिली जिसमें बताया कि 13 व 15 वर्षीय दो सगी बहनें अपनी दादी के पास रहती हैं। उनकी बुआ उनसे गलत काम कराती है।
इसमें उनकी दादी भी साथ दे रही है।, 15 वर्षीय किशोरी के साथ फूफा भी गलत काम कर चुका है। बुआ अपने घर पर अधेड़ उम्र के जितेंद्र, रमेश व सुभाष नाम के व्यक्ति को बुलाती। वह गलत काम करते। इसके बदले में दादी व बुआ को तीन व पांच हजार रुपये देते। एक किशोरी ने बताया कि एक दिन रात को बुआ ने उसे घर पर बुलाया। यहां पर बुआ व फूफा दोनों ने शराब पी। शराब के नशे में फूफा ने गलत काम किया। विरोध करने पर बुआ ने मारपीट की। बाल भी काट दिए। दोनों बहनों को प्रताड़ित किया गया।
बाथरूम में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
भिवानी में एक पड़ोसी किशोर ने अपने घर के बाथरूम में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया और उसका मेडिकल करवाया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार सदर पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब पांच वर्षीय बच्ची शनिवार दोपहर बाद गली में खेल रही थी। वहां से उनके पड़ोस का 15 वर्षीय किशोर बच्ची को अपने घर पर ले गया और दुष्कर्म किया।
जींद की महिला चिकित्सक के साथ पंचकूला में दुष्कर्म
जींद की महिला डॉक्टर के साथ उसी के परिचित ने पंचकूला में दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता ने महिला थाना पंचकूला को शिकायत देते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता जमीनी विवाद में सीएम से मिलने के लिए पंचकूला आई थी। पंचकूला महिला थाना को शिकायत देते हुए जींद निवासी महिला ने बताया कि जमीनी विवाद में पुलिस द्वारा उसके साथ मारपीट करने और उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने की शिकायत लेकर वह कुछ दिन पहले पंचकूला आई थी।
पलवल में घर के सामने से युवती का अपहरण कर पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
हथीन के एक गांव में अपहरण कर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। आरोपितों ने घर के बाहर से युवती अपहरण किया और उसे एक फार्म हाउस में ले गए। नशीला पदार्थ खिलाकर पांच लोगों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में हथीन थाना अंतर्गत एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि 14 जनवरी की रात वह अपने घर के गेट के बाहर कूड़ा डालने निकली थी। तभी वहां एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें अरबाज अपने साथियों सहबाज और बिल्ला के साथ मौजूद था। आरोपितों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और मुंह पर नशीला कपड़ा रखकर बेहोश कर दिया।
जब उसे होश आया तो वह एक कमरे में बंद थी, जिसे आरोपित फार्म हाउस बता रहे थे। वहां आरोपितों ने दो अन्य अज्ञात युवकों को भी बुला लिया। पांचों आरोपितों ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने या शोर मचाने पर आरोपितों ने युवती के साथ मारपीट भी की। पीड़िता ने बताया कि उसके स्वजन अपने स्तर पर ही उसे तलाश रहे थे, जबकि आरोपित उसे अलग-अलग जगहों पर घुमाते रहे।
15 जनवरी को आरोपित उसे गांव के ही समीप सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। घर पहुंचकर पीड़िता ने स्वजन को अपनी आपबीती सुनाई। 16 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। हथीन थाना प्रभारी हरीकिशन के अनुसार, इस मामले में सभी आरोपित अभी फरार हैं। पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ़्तारी के लिए दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
Pages:
[1]