LHC0088 Publish time 2026-1-19 17:26:55

हरियाणा में ठेका कर्मचारियों का प्रदर्शन, पक्का करने और पुरानी पेंशन की मांग; 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/19/article/image/protest-(13)-1768824890146.webp

हरियाणा में ठेका कर्मचारियों का प्रदर्शन। सांकेतिक फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर ठेका कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए गए। इस अवसर पर सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों की अखिल भारतीय फेडरेशन के आह्वान पर 12 फरवरी को हड़ताल करने की घोषणा की गई।

सोमवार को जिला मुख्यालयों पर आयोजित प्रदर्शनों की सफलता का दावा करते सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव कृष्ण कुमार नैन ने बताया कि इन प्रदर्शनों में सरकार से पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट कोर्ट के निर्णय के अनुसार ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, निजीकरण पर रोक लगाने और राज्य कर्मियों के लिए अलग से पे कमीशन का गठन करने की मांग की गई है।

पांच हजार रुपये अंतरिम राहत देने और लेबर कोड्स, बिजली संशोधन बिल, न्यूक्लियर एनर्जी कानून (शांति) और एनइपी को रद करने की भी कर्मचारियों ने मांग की है। इन्हीं मांगों को लेकर 12 फरवरी को हड़ताल करने का फैसला किया गया है।

नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की मांग के अनुरूप हाई कोर्ट के 23 दिसंबर व 31 दिसंबर 2025 के निर्णय के अनुसार सरकार पूर्व की रेगुलराइजेशन नीतियों को ओपन कर कर्मचारियों को पक्का करे।

साथ ही उन्हें पक्का करने की तिथि से छह प्रतिशत ब्याज दर के साथ वेतन का भुगतान किया जाए तथा जिन कर्मचारियों को 31 दिसंबर 2025 को 10 वर्ष हो गए हैं, उनको पक्का करने के लिए नई रेगुलर पालिसी बनाई जाए। सरकार हाईकोर्ट के दिए गए समय आठ सप्ताह के अंदर फैसले को लागू करे। यदि इस फैसले को लागू नहीं किया गया तो संघ हड़ताल करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
Pages: [1]
View full version: हरियाणा में ठेका कर्मचारियों का प्रदर्शन, पक्का करने और पुरानी पेंशन की मांग; 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा