Chikheang Publish time 2026-1-20 10:56:28

Republic Day 2026: लखीसराय की शिक्षिका का दिल्ली में कर्तव्य पथ में दिखेगा जलवा, कथक डांस के लिए हुआ सलेक्शन

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/20/article/image/aashana-Sinha-1768886659578.webp

शिक्षिका आशना सिन्हा। फाइल फोटो



संवाद सूत्र, मेदनी चौकी (लखीसराय)। सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मेदनी चौकी क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुर की शिक्षिका आशना सिन्हा लखीसराय जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली है। उनका चयन 77वें गणतंत्र दिवस परेड 2026 में कथक नृत्य की प्रस्तुति के लिए किया गया है। आगामी 26 जनवरी को Ashna Sinha नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य राष्ट्रीय समारोह में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

यह प्रतिष्ठित प्रस्तुति भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में देश की प्रमुख शास्त्रीय एवं लोक नृत्य परंपराओं की मोजेक के रूप में आयोजित की जा रही है। इस आयोजन के लिए संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली तथा उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

चयन के उपरांत आशना सिन्हा ने 13 जनवरी को दिल्ली में रिपोर्ट किया है, जहां वे 13 से 26 जनवरी तक आयोजित गहन रिहर्सल में भाग ले रही है। इसके बाद 26 जनवरी को मुख्य समारोह में प्रस्तुति देंगी। आशना सिन्हा के चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल बन गया।

शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। स्थानीय ग्रामीणों, कला प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे लखीसराय की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। जिले के घोसैठ (पीरीबाजार) निवासी आशना सिन्हा को बचपन से ही कथक नृत्य में विशेष रुचि रही है।
क्लासिकल डांस की हैं टीचर

पिता वीरेंद्र कुमार सिन्हा और माता राधा रानी सिन्हा के सहयोग, वर्षों की कठिन साधना, निरंतर अभ्यास और मंचीय अनुभव के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी बहन निशु सिन्हा सहित परिवार के सभी सदस्यों ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त की है।

विद्यालय में आशना सिन्हा न केवल विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियां सिखा रही हैं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से भी जोड़ रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विधायक रामानंद मंडल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विभास्कर किरण, शिक्षक नमिता भारद्वाज, कुमारी अंजलि, सरस्वती कुमारी, विकास सर, संगीत शिक्षक नटराज सहित आदि ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनका प्रदर्शन राष्ट्रीय मंच पर लखीसराय की पहचान को और सशक्त करेगा।

यह भी पढ़ें- घटोरा वेटलैंड में पक्षियों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, 70 प्रतिशत विदेशी मेहमान

यह भी पढ़ें- अटल-आडवाणी से नड्डा-नवीन तक... BJP में 45 साल में बने 12 अध्यक्ष, देखें लिस्ट
Pages: [1]
View full version: Republic Day 2026: लखीसराय की शिक्षिका का दिल्ली में कर्तव्य पथ में दिखेगा जलवा, कथक डांस के लिए हुआ सलेक्शन