गणतंत्र दिवस पर कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम? बदला-बदला रहेगा मिजाज, IMD ने जारी किया यलो अलर्ट
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/20/article/image/Weather-(12)-1768932200822.webpमौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सोमवार की तरह मंगलवार को भी दिल्लीवासियों ने तेज धूप में गर्मी का एहसास किया। लेकिन दो तीन दिन बाद ही स्थिति फिर बदलने वाली है। तापमान में गिरावट होगी और ठंड का एहसास भी बढ़ेगा। गणतंत्र दिवस पर न्यूनतम तापमान फिर से पांच डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन भर बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज झोंकेदार हवाओं के साथ वर्षा होगी। इसके चलते शनिवार से दोबारा तापमान में कमी आने लगेगी।
दूसरी तरफ मंगलवार की सुबह दिल्ली में हल्के से मध्यम श्रेणी का कोहरा रहा। इसके चलते सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर 400 मीटर तक रह गया। हालांकि दिन निकलने और धूप खिलने के बाद कोहरा छंटता गया।
दिन में आसमान साफ रहा और धूप भी तेज खिली रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 7.2 डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक 25.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 100 से 45 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 23 और सात डिग्री रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- NCR में बदलेगा मौसम, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
Pages:
[1]