रिश्वत कांड में फरार महिला दरोगा और पीटीसी निलंबित, निगरानी छापेमारी के दौरान भाग गई थीं
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/21/article/image/Suspended-1768986045985.webpFugitive lady inspector Bihar: होमगार्ड जवान योगेन्द्र साह महिला दरोगा के कहने पर ही रिश्वत की राशि वसूल रहा था। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi vigilance raid: दहेज प्रताड़ना के एक मामले में रिश्वत लेते समय निगरानी विभाग की छापेमारी के दौरान फरार हुई महिला अवर निरीक्षक (दरोगा) रचयिता भारती और पीटीसी संगीता देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई है।
मौके से हो गई थीं फरार
बताया गया कि 13 दिसंबर 2025 को निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए होमगार्ड जवान योगेन्द्र साह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इसी दौरान महिला थाना में पदस्थापित एसआई रचयिता भारती मौके से फरार हो गई थीं। जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान योगेन्द्र साह महिला दरोगा के कहने पर ही रिश्वत की राशि वसूल रहा था। दहेज प्रताड़ना के इस मामले की जांच का जिम्मा भी रचयिता भारती को ही सौंपा गया था।
निगरानी विभाग ने कराई थी प्राथमिकी
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि निगरानी विभाग द्वारा दर्ज प्राथमिकी में महिला दरोगा रचयिता भारती और पीटीसी संगीता देवी को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं एएसआई ममता कुमारी की भूमिका को लेकर जांच जारी है। एएसआई ममता कुमारी का कहना है कि उन्हें इस मामले में निर्दोष होते हुए फंसाया गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। निगरानी विभाग की ओर से आगे की जांच जारी है और फरार महिला दरोगा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Pages:
[1]