deltin33 Publish time 2026-1-21 22:27:36

Maria Frozen और Rahbar Foods पर GST की रेड: करोड़ों की टैक्स चोरी का शक, रडार पर संभल के कारोबारी

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/21/article/image/C-500-1-BRY1035-501902-1769014912330.webp

जीएसटी का छापा



जागरण संवाददाता, बरेली। जीएसटी की एसआइबी (विशेष अनुसंधान शाखा) ने नरियावल में बुधवार दोपहर बाद मारिया फ्रोजन और रहबर फूड्स मीट फैक्ट्री में एक साथ छापा मारा। टीमें देर रात तक दोनों फैक्ट्रियों में दस्तावेजों की जांच कर रही थीं। इसके अलावा जानवरों यानी भैंसों, वाहनों, कर्मचारियों, मीट के पैकेट समेत अन्य की गिनती की जा रही थी। टीम की जांच गुरुवार सुबह तक चल सकती है। सभी गिनती पूरी होने और फिर दस्तावेजों से मिलान के बाद पता चल सकेगा कि क्या गड़बड़ी की गई है?

टीम को फर्जी बिल, वित्तीय लेनदेन में गड़बड़ी के साथ बड़े टैक्स चोरी की आशंका है। जीएसटी विभाग की एसआइबी के टीम लीडर डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह और रोहित मालवीय की अगुवाई में 10 असिस्टेंट कमिश्नर और 15 स्टेट टैक्स अधिकारियों के साथ 27 अधिकारियों की टीम ने बुधवार शाम एक साथ दोनों फैक्ट्रियों में छापा मारा।

टीम में एसआइबी की पूरी टीम, सभी सचल दल और सभी खंड के अधिकारियों के अलावा 20 पुलिसकर्मी भी पहुंचे। टीमों ने दोनों फैक्ट्रियों को मेन गेट बंदकर अपने नियंत्रण में ले लिया और फैक्ट्रियों में अंदर आने और जाने पर रोक लगा दी गई। एक साथ दोनों फैक्ट्रियों में छापेमारी से खलबली मच गई। अधिकारियों ने सबसे पहले दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।

टीम ने लेबर, अकाउंट और एंट्री सेक्शन के सभी दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके अलावा फैक्ट्रियों में मौजूद जानवरों की संख्या, वहां मौजूद कर्मचारियों और वाहनों की संख्या की गिनती शुरू की। यही नहीं जो भी मांस पैक हो रखा था, उनके पैकेट की भी गिनती शुरू की गई। टीम बैंक खातों और बिलों की भी जांच कर रही है।

रात नौ बजे तक रहबर फूड्स फैक्ट्री में जानवरों की गिनती लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन अन्य सामान की गिनती जारी थी और इनका दस्तावेजों से मिलान किया जा रहा था। इसके अलावा मारिया फ्रोजन फैक्ट्री में जानवरों की गिनती के अलावा अन्य सामान की गिनती जारी थी।

दोनों फैक्ट्रियों में जानवरों और सामान की संख्या अधिक होने से टीम को समय लग रहा था। ऐसे में देर रात या फिर सुबह तक जांच जारी रह सकती है। रहबर फूड्स फैक्ट्री का संबंध संभल के मीट कारोबारी से भी जुड़ा है। दो महीने पहले आयकर विभाग की टीम ने रहबर फूड्स फैक्ट्री में छापा मारा था।
कटान के लिए आने वाले जानवरों की गिनती

टीम ने दोनों फैक्ट्रियों में कटान के लिए आने वाली जानवरों पर रोक नहीं लगाई है। टीमों की निगरानी में जानवरों की गिनती के साथ आने वालों की भी निगरानी की जा रही है। रात में जो भी जानवर कटान के लिए आएंगे उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि दोनों फैक्ट्रियों में टैक्स चोरी में कोई गड़बड़ी की गई है कि नहीं।




मारिया फ्रोजन और रहबर मीट फैक्ट्री में एसआइबी की टीमों ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ छापा मारा है। टीमें फैक्ट्रियों में दस्तावेजों के साथ अन्य जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।

- आशीष निरंजन, अपर आयुक्त, राज्य कर विभाग





यह भी पढ़ें- PM Kisan: बरेली में 5684 मुर्दों के खाते में जा रही थी सम्मान निधि, अब बेटों को भरना होगा हर्जाना!
Pages: [1]
View full version: Maria Frozen और Rahbar Foods पर GST की रेड: करोड़ों की टैक्स चोरी का शक, रडार पर संभल के कारोबारी