cy520520 Publish time 2026-1-23 20:56:30

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने लिया यू-टर्न, तेज बारिश से दिन में छाया अंधेरा; ठंड भी बढ़ी

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/23/article/image/dli-rain-1769182158279_m.webp

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज। जागरण



राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को राजधानी समेत एनसीआर में मौसम ने गजब पलटी मारी। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में लोग एक दिन पूर्व तक गर्मी बढ़ने से परेशान हो रहे थे जबकि 12 घंटों के भीतर सब कुछ ही पलट गया।

आसमान में काले बादल घुमड़-घुमड़ कर गरज रहे थे तो तेज हवाएं सब कुछ हिला देने को बेताब दिखीं। वर्षा ने भी सुबह जो रफ्तार पकड़ी वो दोपहर तक जारी रही। ऐसे में दिन में ही सड़कों पर शाम के जैसा अंधेरा छा गया। कार-बाइक वाले गाड़ी की लाइट जलाकर चलते दिखे।
शनिवार को भी गिरेगा तापमान

शाम को फिर वर्षा का एक दौर चला। एनसीआर के जिलों में भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली और एनसीआर में इस मौसमी बदलाव के असर से ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। शनिवार से तापमान में दोबारा गिरावट देखने को मिलेगी।

दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार देर रात से ही घने काले बादल छा गए थे। अल सुबह गरजते बादलों ने इशारा दे दिया कि तेज हवाओं के साथ वर्षा अभी थमने वाली नहीं है। काले बादलों के कारण रोशनी दिन निकलने के बाद भी काफी कम रही, जिससे दृश्यता घट गई एवं सड़क पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।

यह भी पढ़ें- BMW एक्सीडेंट केस में आरोपित गगनप्रीत कौर मक्कड़ को कोर्ट का समन, उप सचिव नवजोत सिंह मौत मामला

हैरानी की बात यह कि दिल्ली में अच्छी खासी वर्षा के बावजूद सुबह 8.30 बजे तक न तो तापमान ज्यादा गिरा और न वर्षा ही ज्यादा हुई।मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री ज्यादा 13.7 डिग्री सेल्सियस गया।

https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/01/23/template/image/WhatsApp-Image-2026-01-23-at-13.52.33-1769181998728.jpeg

एक दिन पहले गुरुवार को यह 6.3 डिग्री रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें दोगुने से भी ज्यादा का अंतर आ गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले गुरुवार को यह 27.1 डिग्री यानी जनवरी में सात साल का सर्वाधिक रहा था।

मतलब, 24 घंटे के भीतर इसमें 11 डिग्री से अधिक की कमी दर्ज की गई। दूसरी तरफ हैरानी की बात यह भी कि मौसम में हुए इस एकाएक बदलाव से शुक्रवार को न्यूनतम व अधिकतम तापमान का अंतर भी चार डिग्री से कम केवल 3.7 डिग्री रह गया। मयूर विहार में तो यह अंतर सबसे कम 0.1 डिग्री का ही रह गया।
2023 के बाद जनवरी की सर्वाधिक बारिश

जहां तक वर्षा का सवाल है तो शुक्रवार को सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में 1.3 मिमी जबकि सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 13.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे ज्यादा वर्षा सुबह साढ़े आठ से पूर्वाहन साढ़े 11 बजे तक 8.6 मिमी दर्ज की गई।

यहां यह भी बताते चलें कि शुक्रवार को हुई यह वर्षा सर्दियों के इस मौसम और 2026 की पहली तेज वर्षा है वहीं 2023 के बाद तीन साल में जनवरी माह की सर्वाधिक है। इतना ही नहीं, जनवरी की सामान्य वर्षा 19.1 मिमी है।

इस हिसाब से शुक्रवार को एक ही दिन में माह भर का 70 प्रतिशत तक कोटा पूरा हो गया। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक रिकार्ड की गई। वहीं शुक्रवार को हवा में नमी का स्तर 100 से 83 प्रतिशत रिकार्ड हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से तापमान में गिरावट आने की संभावना है और गर्म होते मौसम में एक बार फिर से ठंडक बढ़ेगी।

अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान सात डिग्री वहीं अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसके बाद तापमान में आंशिक रूप से वृद्धि होगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान पर जाएं तो शनिवार को सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है और दिन में सामान्यतया बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली-NCR में तापमान और वर्षा अपडेट



    स्थान अधिकतम न्यूनतम अंतर वर्षा (मिमी)


   सफदरजंग
   16.0
   13.7
   3.7
   14.5


   पालम
   16.6
   13.0
   3.6
   15.3


   लोधी रोड
   16.1
   14.1
   2.0
   15.0


   रिज
   15.7
   13.7
   2.0
   19.2


   आयानगर
   15.8
   14.2
   1.6
   13.2


   राजघाट
   15.3
   15.0
   0.3
   0.1


   मयूर विहार
   14.7
   14.6
   0.1
   8.5



एनसीआर जिलों में वर्षा (मिमी)



    जिला वर्षा (मिमी)


   फरीदाबाद
   5.0


   गुरुग्राम
   12.0


   रेवाड़ी
   10.0


   नारनौल
   8.0


   पलवल
   7.0


   नूंह
   3.0


   सोनीपत
   7.0




यह भी पढ़ें- सीएम रेखा गुप्ता से मिला गिग वर्कर्स का प्रतिनिधिमंडल, समस्याओं के सामाधान के लिए बोर्ड गठन की रखी मांग
Pages: [1]
View full version: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने लिया यू-टर्न, तेज बारिश से दिन में छाया अंधेरा; ठंड भी बढ़ी