deltin33 Publish time 2026-1-23 22:26:33

पत्नी को लगा रील्स का चस्का, पति ने गुस्से में ठोक दी गोली

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/23/article/image/Giridih-Husband-Shoots-Wife-1769187848713_m.webp

रील्स विवाद में पत्नी को गोली मारने वाले आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार। (एआइ फोटो)



जागरण संवाददाता, धनवार (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के परसन ओपी अंतर्गत झारखंडधाम–कोड़ाडीह मुख्य मार्ग पर खिजयसोता क्रशर मंडी के पास शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पत्नी द्वारा रील्स बनाने से नाराज पति ने गोली मार दी।

पंचर बनाने की दुकान चलाने वाले मो. राजा ने अपनी पत्नी गजाला प्रवीण (लगभग 26 वर्ष) को कथित रूप से गोली मार दी। घायल महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी मिली। बताया जाता है कि आरोपी ने पत्नी के जबड़े में गोली मारी।

घटना के बाद आरोपी पति और उसके भाई ने पुलिस को सूचना दिए बिना निजी वाहन से उसे कोड़ाडीह के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की नाजुक हालत देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मो. राजा मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का निवासी है और पिछले सात–आठ वर्षों से खिजयसोता इलाके में पंचर की दुकान चला रहा था। घटना के पीछे की सटीक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

हालांकि, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर दंपति में अक्सर तकरार होती थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सच्चाई सामने लाई जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Pages: [1]
View full version: पत्नी को लगा रील्स का चस्का, पति ने गुस्से में ठोक दी गोली