मां के साथ देखने पर कर दी हत्या, बोरे में पैक कर यमुना में फेंका शव; मथुरा चौकीदार हत्याकांड का खुलासा
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/24/article/image/mathura-jamunapar-thana-1769221037277_m.webpथाने पर हंगामा के दौरान स्वजन
संवाद सूत्र, जागरण, महावन। पांच दिन से लापता चौकीदार की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को बोरा में बंद कर गोकुल बैराज के समीप यमुना नदी में बहा दिया था। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपित सोनू ने यह बात पुलिस के समक्ष उजागर की। घटना का कारण अवैध संबंध रहा है।
आरोपित ने चौकीदार को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इस पर उसका खून खौल उठा और उसी रात शराब पिलाकर चौकीदार मार डाला। इस मामले में शुक्रवार की सुबह चौकीदार के स्वजन ने थाने का घेराव एवं मार्ग जाम कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्वजन ने आरोपित पिता-पुत्र पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
शराब पिलाने के बाद गला दबाकर की हत्या, बोरे में पैक कर बैराज पर यमुना में फेंका शव
जमुनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव शाहपुर निवासी 50 वर्षीय रंधीर सिंह उर्फ रणवीर लक्ष्मीनगर स्थित उमा वाटिका में 20 वर्ष से चौकीदारी करते थे। स्वजन के अनुसार, 18 जनवरी की सुबह वह घर से उमा वाटिका जाने की कहकर गए थे, लेकिन नहीं लौटे। स्वजन ने मोबाइल फोन लगाया, लेकिन वह बंद जा रहा था। स्वजन ने रंधीर सिंह की गुमशुदगी 20 जनवरी को जमुनापार थाने में दर्ज कराई।
18 जनवरी की रात वारदात को दिया अंजाम, आरोपित सोनू पुलिस ने किया गिरफ्तार
22 जनवरी की सुबह रंधीर के पुत्र धर्मेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी को एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि पिता के साथ उमा वाटिका पर बाप-बेटे क्रमश: महेंद्र व सोनू भी काम करते हैं। आरोप लगाया कि आरोपितों ने 18 जनवरी की शाम पिता रंधीर सिंह को लक्ष्मी नगर स्थित पैंठ बाजार से शराब पिलाने के बहाने ले गए थे, उसी दिन से पिता गायब हैं।
आशंका जताई कि सोनू व उसके पिता ने हत्या कर शव को कहीं गायब कर दिया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने विवाद के बाद हत्या कर शव को यमुना नदी में फेंकने की बात स्वीकारी।
थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया था
यह जानकारी रंधीर सिंह के स्वजन को हुई तो शुक्रवार सुबह 11 बजे तमाम थाना जमुनापार पहुंच गए। थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। स्वजन का आरोप था कि पुलिस हत्या स्वीकारने के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रही। एक घंटे स्वजन ने थाना परिसर में हंगामा किया।
थाना प्रभारी विदेश कुमार के कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए। पुलिस ने यमुना में स्टीमर से शव तलाशा, लेकिन नहीं मिला। दोपहर साढ़े तीन बजे स्वजन ने लक्ष्मी नगर मार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक लगे जाम से आवागमन प्रभावित हो गया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह स्वजन को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया।
एसपी सिटी ने दी जानकारी
एसपी सिटी ने बताया, चौकीदार के अवैध संबंध आरोपित सोनू की मां के साथ थे। घटना के दिन सोनू ने चौकीदार को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसी को लेकर वह चौकीदार को अपने साथ ले गया और शराब पिलाने के बाद नशे में होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। शव को बोरा में पैक किया और फिर एक ई-रिक्शा को बुलाया। ई-रिक्शा से शव को गोकुल बैराज पर ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज के जरिए ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में गिरफ्त में आए सोनू ने यह बात पुलिस के समक्ष स्वीकार की है।
50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज किए चेक
चौकीदार के लापता होने और फिर हत्या की जानकारी आने के बाद थाना पुलिस की टीम ने वाटिका, पैठ से लेकर गोकुल बैराज तक करीब 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें ई रिक्शा में बोरा ले जाते हुए आरोपित दिखा है। पुलिस का प्रयास शव बरामद करने का है।
Pages:
[1]