deltin33 Publish time 2026-1-25 22:56:56

सफर के नाम पर संघर्ष बन गया दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, लाखों खर्च के बावजूद सड़क की हालत बदतर

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/25/article/image/Road-(15)-1769363060907_m.webp

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग सफर करना लोगों के लिए संघर्ष बनकर रह गया।



हरिशंकर शर्मा, लोनी। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग सफर करना लोगों के लिए संघर्ष बनकर रह गया है। जगह-जगह गड्ढों से लोगों को परेशानी हो रही है और हादसे का भी डर बना रहता है। इस पर लाखों रुपये से अधिक का बजट मरम्मत के नाम पर खपाया जा चुका है। कई जगह पर रोड़ी-पत्थरों से पैचवर्क कराए पर टिके नहीं। ट्रैफिक लोड बढ़ा तो परतें उखड़ गईं।

देश की राजधानी को आने-जाने वाला दिल्ली-सहारनपुर हाइवे मार्ग की हालत बद से बदतर बनी हुई है। जगह-जगह सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है। मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण अक्सर लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।

शनिवार शाम अशोक विहार निवासी महिला सबीना ऑटो रिक्शा में लोनी जा रही थीं, जैसे ही लोनी तिराहे के पास पहुंचीं तो मार्ग में हो रहे गड्ढे से आटो रिक्शा पलट गया। हादसे में सबीना घायल हो गईं। लोगों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि जिम्मेदार समस्या को जानते नहीं हैं, अधिकारियों का अक्सर इस मार्ग से निकलना होता है, लेकिन देख कर अनदेखा कर देते हैं और खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ता है।

सड़कों को दुरुस्त करने का प्रस्ताव दिए जाने पर शासन द्वारा धनराशि भी उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन अनदेखी की वजह से दिल्ली-सहारनपुर हाइवे मार्ग का निर्माण नहीं हो पा रहा है।


समस्या को लेकर लोगों ने कई बार प्रदर्शन भी किया लेकिन आश्वासन के बाद भी समाधान नही हुआ। ऐसे में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। यह मार्ग लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। - मनीष, स्थानीय निवासी

अधिकारियों की सही मायने में अच्छी सड़क बनाने की मंशा ही नहीं होती ताकि औपचारिकता कर गोलमाल कर लें। इसके बाद फिर नया टेंडर हो फिर कमाई का अवसर मिले। ईमानदारी से काम हो तो सड़कें जल्द नहीं टूटती हैं। - कमल ढाका, स्थानीय निवासी

लाखों खर्च कर बनाई सड़कों की दशा और दुर्दशा को देखने वाला कोई नहीं है। दिन के समय में तो फिर भी गनीमत है पर रात का सफर तो बहुत मुश्किल है। - कमल देव, स्थानीय निवासी

दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर पिछले कई वर्ष से लोग परेशान हैं। यह सड़क गड्ढों से भरी है। आए दिन लोग सड़क पर गिरकर घायल होते हैं। कोई ध्यान नहीं देता है। - विक्की वत्स, स्थानीय निवासी

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग का टेंडर हो चुका है। 10 दिन के बाद मार्ग का निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। कार्य गुणवत्तापूर्ण कराया जाएगा। इसकी पूरी रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। - राम राजा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग


यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय मतदाता दिवस: बिहार विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए दैनिक जागरण को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
Pages: [1]
View full version: सफर के नाम पर संघर्ष बन गया दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, लाखों खर्च के बावजूद सड़क की हालत बदतर