LHC0088 Publish time 2026-1-26 06:25:59

दक्षिणी दिल्ली में 25 लाख की आबादी तक 304 करोड़ में पहुंचेगा सीवर-पानी, ठीक होंगी सड़कें

https://www.jagranimages.com/images/2026/01/26/article/image/Rekha-Gupta2-1769388989549_m.webp

बदरपुर, संगम विहार और देवली में रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 304 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया।



जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तीन विधानसभा क्षेत्रों-बदरपुर, संगम विहार और देवली में रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 304 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। तीनों ही क्षेत्रों की लगभग 25 लाख की आबादी अनधिकृत कालोनियों में रहती है, जहां अब तक सीवर, सड़क, पेयजल, बारातघर आदि की समुचित व्यवस्था नहीं है।

बदरपुर में 85 करोड़ रुपए, संगम विहार में 115 करोड़ रुपए और देवली में 104 करोड़ रुपए से सीवर लाइनें डाली जाएंगी, पेयजल के लिए पाइपलाइन बिछेगी व यूजीआर बनेंगे। सड़क व गली की मरम्मत के साथ ही मानसून में वर्षा जल की निकासी के लिए नए सिरे से ड्रेन बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में अब तक 11 महीने की भारतीय जनता पार्टी की सरकार हो चुकी है। ये समय पिछली सरकार की ओर से खजाना खाली कर दिल्ली पर लादे गए कर्ज को सुलझाने में लगा। दिल्ली चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने जनता से जो वादा किया, उसे भी पूरा किया जाएगा। इस होली में मुफ्त सिलेंडर का पैसा सभी लोगों के खाते में चला जायेगा।

महिलाओं को हर महीने मिलने वाली 2500 की राशि भी जल्द ही मिलेगी। दिल्ली के लोगों को स्वच्छ पानी पीने को मिल रहा है। अटल कैंटीन के माध्यम से पांच रुपये में भरपेट भोजन मिल रहा है। अभी तो सरकार के सिर्फ 11 महीने हुए हैं, पूरे पांच साल होने दीजिए फिर देखिएगा कार्य। ओखला में 54 लाख मीट्रिक टन का कूड़े का पहाड़ पर पड़ा रहता था, आज वह कूड़ा 22 लाख मीट्रिक टन ही रह गया है।

जब कूड़े का पहाड़ खत्म होगा तो वहां अस्पताल या कालेज बनाया जाएगा, ताकि आसपास के लोगों को इसका लाभ मिले। बदरपुर, संगम विहार व देवली में नागरिक सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बदरपुर को मेट्रो से जोड़ने, सीवर लाइन और क्षेत्र से ओ-जोन हटाने के साथ ही जनहित के कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया। इस अवसर पर दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड के चेयरमैन राजकुमार चौहान, पूर्व मेयर जय प्रकाश जेपी, भाजपा जिलाध्यक्ष माया सिंह बिष्ट आदि रहीं।
तीनों विधानसभा क्षेत्र में हैं ये समस्याएं

बदरपुर विधानसभा में सबसे बड़ी समस्या हरिनगर और जैतपुर इलाके में \“\“ओ-जोन\“\“ की समस्या है। इस वजह से यहां के लोग अपने बने हुए घरों की मरम्मत तक नहीं करा पाते है। वहीं बांध रोड कि खराब स्थिति के चलते प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही है। संगम विहार व देवली में पेयजल का संकट है। ज्यादातर इलाकों में पाइपलाइन ही नहीं है। लोग टैंकर के भरोसे हैं। आधे इलाके में सीवर लाइन नहीं है, जहां है भी वहां अनियोजित है।

इसके चलते सीवर जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। इन दोनों इलाकों में सबसे बड़ी समस्या ड्रेनेज न होना है। मानसून में जब पहाड़ी से बरसाती पानी सड़कों पर दो से तीन फीट तक भर जाता है। घनी आबादी होने के बाद भी इन इलाकों में सामुदायिक आयोजनों के लिए बारातघर भी नहीं है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में गणतंत्र दिवस का जश्न: देशभक्ति की हिलोर और बाजारों में बढ़ी रौनक
Pages: [1]
View full version: दक्षिणी दिल्ली में 25 लाख की आबादी तक 304 करोड़ में पहुंचेगा सीवर-पानी, ठीक होंगी सड़कें