LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

Banka News: 20 फीट गहरी नहर में गिरी बाइक, तिलक समारोह से लौट रहे जीजा-साले की मौत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/Banka-Accident-1770895230062_m.webp

20 फीट गहरी नहर में गिरी बाइक, तिलक समारोह से लौट रहे जीजा-साले की मौत (AI Generated Image)



संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। तेलियाकुमरी पंचायत के बीरना गांव के समीप गुरुवार सुबह बेलहरना नहर में गिरने से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एसआई आदित्य कुमार, बीरेंद्र कुमार, पीएसआई राहुल कुमार व नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर थाना लाया गया।

मृतकों की पहचान बदला गांव निवासी टहलू यादव के पुत्र त्रिवेणी यादव (45) तथा सुरा गांव निवासी सोसो यादव के पुत्र बुंदेली उर्फ विलास यादव (42) के रूप में हुई है। दोनों आपस में जीजा-साला थे और शादी-विवाह सहित अन्य समारोहों में खाना बनाने का काम करते थे।

घटना के बाद थाना परिसर में स्वजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्वजन के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी यादव का ननिहाल जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के सहिया गांव में है। बुधवार को मामा के बेटे के तिलक समारोह में दोनों खाना बनाने गए थे। देर रात तक भोज कार्यक्रम चला। गुरुवार सुबह दोनों बाइक से अम्माटांड़-बीर्ना मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। पहले विलास यादव को सुरा गांव छोड़ना था, उसके बाद त्रिवेणी यादव को बदला गांव जाना था।

बीरना गांव स्थित नहर पुल के पास एक अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक असंतुलित होकर करीब 20 फीट गहरी नहर में जा गिरी। नहर में मौजूद पत्थरों से टकराने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से झंझरा आदि सामान भी बरामद किया है।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया है। स्वजन की लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Pages: [1]
View full version: Banka News: 20 फीट गहरी नहर में गिरी बाइक, तिलक समारोह से लौट रहे जीजा-साले की मौत