LHC0088 Publish time 2026-2-12 18:26:25

भारतीय रेल : GM ने कई बड़े सुधारों का कर द‍िया ऐलान, भागलपुर रेलवे जंक्शन में 50 करोड़ का रिमॉडलिंग प्लान

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/bhagalpur-railway-junction-50-crore-remodelling-plan-gm-MILIND-inspection-major-announcements-1770901505723_m.webp

भारतीय रेल : ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के देउस्कर ने दुमका–बांका रेलखंड का निरीक्षण क‍िया, और भागलपुर रेलवे जंक्शन का दौरा किया।



जागरण संवाददाता, भागलपुर। भारतीय रेल :ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के देउस्कर ने दुमका–बांका रेलखंड का निरीक्षण करते हुए गुरुवार को भागलपुर रेलवे जंक्शन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के विकास कार्यों का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

जीएम ने बताया कि भागलपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन का करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से रीमॉडलिंग कार्य कराया जाएगा। इसके बाद इन प्लेटफार्मों पर फुल लेंथ ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के पूर्वी छोर पर टू-व्हीलर पार्किंग एरिया का भी जायजा लिया और निर्देश दिए कि इसी स्थान पर जी प्लस वन संरचना में 5,000 से अधिक क्षमता वाला आधुनिक होल्डिंग एरिया बनाया जाए। भूतल पर टू-व्हीलर पार्किंग व शौचालय और अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि ऊपरी तल पर होल्डिंग एरिया रहेगा। यह होल्डिंग एरिया पूर्वी छोर के फुट ओवरब्रिज से जुड़ा होगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी।

पार्सल भवन के पास बने ढांचे का निरीक्षण करते हुए जीएम ने कहा कि वर्तमान भवन नक्शे के अनुरूप नहीं है, इसलिए इसका पुन: डिजाइन तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। स्टेशन परिसर में फैले वाई-फाई और अन्य केबल तारों को डक्ट लाइन के माध्यम से व्यवस्थित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही, पश्चिमी छोर स्थित फुट ओवरब्रिज की चौड़ाई 3 मीटर से बढ़ाकर 6 मीटर करने को कहा गया, ताकि भीड़ प्रबंधन में आसानी हो।

इस दौरान जीएम ने स्टेशन के वीआईपी रूम में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और सुझाव लिए। उन्होंने होली पर्व को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों की सूची जल्द जारी करने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेनें चलाने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि भागलपुर-दुमका सिंगल ट्रैक का दोहरीकरण प्रस्तावित है, जिससे इस रेलखंड की क्षमता और यातायात सुगमता में वृद्धि होगी।

भागलपुर स्टेशन की भीड़ पर सवाल: स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 40 हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही होती है। लंबी दूरी की ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ देखी जाती है। होली, दशहरा, छठ और श्रावणी मेले जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान यह संख्या 70-80 हजार तक बढ़ जाती है।

निरीक्षण के दौरान जब जीएम ने डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से भीड़ के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में भीड़ ज्यादा नहीं रहती, केवल लंबी दूरी की ट्रेन खुलने के समय ही भीड़ अधिक होती है। यह बयान सुनकर कई लोगों को आश्चर्य हुआ, क्योंकि मालदा डिवीजन में भागलपुर स्टेशन राजस्व के मामले में अग्रणी माना जाता है। इस निरीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि रेलवे अधिकारियों द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Pages: [1]
View full version: भारतीय रेल : GM ने कई बड़े सुधारों का कर द‍िया ऐलान, भागलपुर रेलवे जंक्शन में 50 करोड़ का रिमॉडलिंग प्लान