LHC0088 Publish time 2026-2-13 05:26:00

NHAI ने Delhi-Dehradun Greenfield Highway और बड़ौत बाईपास का निर्माण कार्य अनिश्चितकाल के लिए रोका

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/BAG_54-1770918631174_m.webp



जागरण संवाददाता, बागपत। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ौत बाईपास और दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के काम को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय बागपत में भूमि अधिग्रहण अवार्ड की घोषणा में लगातार हो रही देरी के कारण लिया गया है।

एनएचएआइ के परियोजना निदेशक ने गुरुवार को डीएम को भेजे पत्र में बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए सक्षम प्राधिकारी के रूप में कार्यरत एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय द्वारा विगत दो माह से कोई भी अवार्ड (यहां तक कि लघु मूल्य वाले भी) घोषित नहीं किए गए हैं। ये अवार्ड निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून हाईवे की समय से पूर्णता और निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए जरूरी हैं।

परियाेजना निदेशक का कहना है कि हाईवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और फरवरी अंत तक इसके उद्घाटन की उम्मीद है। उधर, प्रस्तावित बड़ौत बाईपास और दिल्ली-दून हाईवे परियोजनाओं में सैकड़ों हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण और अनेक संरचनाओं के प्रभावित होने की संभावना है।
एनएचएआइ अधिकारियों ने चिंता जताई है कि इस तरह इन परियोजनाओं पर आगे बढ़ना बहुत कठिन होगा। जिससे देरी, लागत वृद्धि तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

डीएम को भेजे पत्र में परियोजना निदेशक ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उपरोक्त दोनों परियोजनाओं की योजना को आगे बढ़ाना एनएचएआइ के लिए अत्यंत कठिन है, अतः पीआइयू की ओर से इन्हें आगे के निर्देश प्राप्त होने तक होल्ड रखा गया है।

एनएचएआइ ने दोनों परियोजनाओं को तब तक स्थगित रखने का निर्णय लिया है, जब तक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया और पुरस्कार घोषणा सामान्य स्थिति में नहीं लौट आती। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली-देहरादून हाईवे के अधिकांश खंड पूर्ण हो चुके हैं। एनएचएआइ ने डीएम से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि लंबित मुद्दों का समाधान हो।


मेरे पास अवार्ड से संबंधित कोई फाइल लंबित नहीं है। एनएचएआइ की ओर से मुझे इस संबंध में कोई पत्र नहीं लिखा गया और न ही मौखिक रूप से बताया गया। अगर कोई अवार्ड लंबित है तो बताएं, उसे पूरा किया जाएगा।
-विनीत कुमार उपाध्याय, एडीएम वित्त



एनएचएआइ का पत्र प्राप्त हुआ है। मैंने अवार्ड से संबंधित फाइलों को मंगाया है। इनका जल्द समाधान कराया जाएगा।
-अस्मिता लाल, डीएम
Pages: [1]
View full version: NHAI ने Delhi-Dehradun Greenfield Highway और बड़ौत बाईपास का निर्माण कार्य अनिश्चितकाल के लिए रोका