Chikheang Publish time 2026-2-13 05:56:37

बिहार के 60 साल पुराने बराज अब भी दुरुस्त, विधानपरिषद में मंत्री विजय चौधरी ने दी जानकारी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/Vijay-Chaudhary-1770927853225_m.webp

60 साल पुराने तीनों बराज अब भी दुरुस्त, आडिट में हुए पास: विजय चौधरी (फाइल फोटो)



राज्य ब्यूरो, पटना। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विधानपरिषद में बताया कि राज्य के तीनों प्रमुख बराजों- वीरपुर बराज, वाल्मीकिनगर बराज और इन्द्रपुरी बराज 60 साल पुराने हैं, मगर अब भी दुरुस्त हैं। महेश्वर सिंह के तारांकित प्रश्न के जवाब में मंत्री ने बताया कि इन बराजों का स्ट्रक्चरल आडिट पुणे की विशेषज्ञ टीम के माध्यम से कराई गई है।

इसका निरीक्षण किया जा चुका है, जिसमें सभी दुरुस्त पाई गई हैं। पुराने होने के बावजूद यह पूरी तरह फंक्शनल हैं। अशोक कुमार के तारांकित प्रश्न के उत्तर में मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि नहरों में जल उपलब्धता के लिए वर्षा जल संचय कर जलाशयों को उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे किसानों को नहरों के जरिए सिंचाई के लिए पानी मिल सके।
सिमरिया धाम में पौड़ी निर्माण पर अभी विचार नहीं

विधानपरिषद में सर्वेश कुमार ने बेगूसराय के सिमरिया धाम में हरिद्वार के हर की पौड़ी की तर्ज पर जानकी पौड़ी के निर्माण को लेकर सवाल किया। इस पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार गंगा के तटों के विकास के लिए हर काम कर रही है।

हरिद्वार में हर पौड़ी गंगा की मुख्य धारा में नहीं है। बराज बनाकर पौड़ी के लिए गंगा में नहर निकाली गई है, जबकि सिमरिया घाट गंगा की मुख्य धारा में है। ऐसे में उस तरह के पौड़ी का निर्माण संभव नहीं है। यह अभी विचाराधीन नहीं है।
सभापति का नियमन, एम्स गेट के पास से कूड़े का ढेर हटाएं

सभापति अवधेश नारायण सिंह ने गुरुवार को आसन से नियमन दिया कि फुलवारीशरीफ में पटना एम्स के गेट संख्या चार के पास गड्ढे में फेंके जाने वाले कचरे का अंबार हटाया जाए। इससे अस्पताल आने वाले डाक्टरों को काफी परेशानी होती है।

विधानपरिषद में डॉ. समीर कुमार सिंह ने इससे जुड़ा ध्यानाकर्षण लाया था। इस पर नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि कचरा हटा दिया गया है। उन्होंने सदन में तस्वीर भी दिखाई। सभापति ने मंत्री को अपने स्तर से इसे फिर से दिखवा लेने का आग्रह किया।
Pages: [1]
View full version: बिहार के 60 साल पुराने बराज अब भी दुरुस्त, विधानपरिषद में मंत्री विजय चौधरी ने दी जानकारी