Chikheang Publish time 2026-2-13 10:27:33

रामपुर में अधिवक्ता हत्याकांड में वकीलों में आक्रोश, आज से करेंगे निश्चितकालीन हड़ताल और चक्का जाम

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/rampur-advocate-murder-case-(1)-1770960178063_m.webp



जागरण संवाददाता, रामपुर। जिला पंचायत में दिन दहाड़े अधिवक्ता फारूख अहमद खां की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से वकीलों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

वकीलों ने शुक्रवार से अनिश्चित हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। साथ ही जिलाधिकारी का घेराव करने और हाईवे जाम करने का फैसला लिया है।

बार एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद उस्मान ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे सभी अधिवक्ता बार भवन के सामने एकत्र होंगे। यहां से जुलूस की शक्ल में आंबेडकर पार्क के सामने हाईवे पर पहुंचेंगे और चक्का जाम करेंगे।

उधर, अधिवक्ताओं के चक्का जाम को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कानून एवं शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए कचहरी से लेकर हाईवे तक पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

अधिवक्ता फारूख अहमद खां की बुधवार को जिला पंचायत में गोली मारकर हत्या कर दी थी। अधिवक्ता की पत्नी गौसिया जिला पंचायत में क्लर्क हैं। जिला पंचायत के स्थापना पटल पर क्लर्क असगर अली ने उनकी पत्नी को कार्यालय देर से आने पर टोक दिया था।

पत्नी के फोन करने पर अधिवक्ता जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। यहां उनका क्लर्क से विवाद हुआ, जिसके बाद क्लर्क ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से अधिवक्ता पर गोली चला दी थी। गोली सीने में लगने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से अधिवक्ताओं में आक्रोश है।

अधिवक्ताओं ने सिविल लाइंस कोतवाल को भी हटाए जाने, हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने, मृतक परिवार को पांच करोड़ का मुआवजा देने और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है।

बार एसोसिएशन ने मांग पूरी न होने तक हड़ताल पर रहने का ऐलान किया है। अपने इस आंदोलन में प्रदेश के सभी जिलों की बार एसोसिएशन और तहसील बार एसोसिएशन का सहयोग मांगा है।
Pages: [1]
View full version: रामपुर में अधिवक्ता हत्याकांड में वकीलों में आक्रोश, आज से करेंगे निश्चितकालीन हड़ताल और चक्का जाम