Chikheang Publish time 2026-2-13 15:56:37

दतिया में जमीन के लालच में बेटा बना जल्लाद, पत्थर से सिर कुचलकर मां को उतारा मौत के घाट, डेढ़ साल के मासूम को बिलखता छोड़कर भागा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/murder-2154-1770978934152_m.webp

महिला का मर्डर (प्रतीकात्मक चित्र)



डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। दतिया जिले के जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में जमीन के लालच में एक कलयुगी बेटे ने पत्थर से वार कर मां की जान ले ली। घटना के बाद आरोपित घर पर ताला डालकर भागने की फिराक में था, लेकिन तभी मृतका का भतीजा वहां आ पहुंचा। उसे देखकर वह अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को वहीं बिलखता छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जब भतीजे को शक हुआ तो उसने खिड़की से झांककर घर के अंदर देखा। वहां उसकी चाची का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपित को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक मिथिला पाल पत्नी स्वर्गीय महेश पाल के छोटे बेटे का नाम अरविंद पाल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद अपनी मां पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। मां के इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में बेटे ने पास पड़े पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
दूसरी पत्नी के दबाव में था आरोपित

पुलिस के अनुसार अरविंद की पारिवारिक स्थिति पहले से ही खराब थी। उसकी पहली पत्नी छह साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने ओरछा की एक महिला को बिना विवाह के साथ रखना शुरू कर दिया था, जिससे उसका डेढ़ साल का बेटा है। महिला की पहले से एक बेटी भी थी।

यह भी पढ़ें- MP के डबरा में पं. प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान महिला की हार्ट अटैक से मौत, इटावा से आई थी कथा सुनने

अरविंद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिससे उसका उस महिला से अक्सर विवाद होता रहता था। करीब 20 दिन पहले वह महिला मायके चली गई थी, जबकि डेढ़ साल का बेटा अरविंद के पास ही था। इसी दबाव में वह अपनी मां से जमीन नाम कराने की जिद कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार अरविंद नशे का आदी था और बेरोजगार था। वह जमीन बेचकर या अपने नाम कराकर पैसे हासिल करना चाहता था। कई बार वह मां के साथ मारपीट भी कर चुका था, लेकिन परिवार ने पुलिस में शिकायत नहीं की थी।
बड़ा भाई भी जेल में बंद

मृतका का बड़ा बेटा धर्मेंद्र पाल झांसी जेल में सजा काट रहा है। उस पर लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं। ग्रामीणों के अनुसार पति की मौत के बाद मिथिला पाल ही परिवार संभाल रही थीं। एक बेटा जेल में और दूसरा नशे का आदी होने के कारण परिवार पहले से संकट में था।
Pages: [1]
View full version: दतिया में जमीन के लालच में बेटा बना जल्लाद, पत्थर से सिर कुचलकर मां को उतारा मौत के घाट, डेढ़ साल के मासूम को बिलखता छोड़कर भागा