deltin33 Publish time 2026-2-13 16:56:40

आजमगढ़ में 27 साल पहले हुए शिया-सुन्नी दंगे में हुई हत्या में 12 आरोपित दोषी करार, 17 फरवरी को होगी अगली सुनवाई

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/11_11_2022-sc_1_23196465-1770982724431_m.webp

शिया-सुन्नी दंगे में हुई एक हत्या के मुकदमें में 12 आरोपित दोषी करार। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, आजमगढ़। 27 साल पूर्व मुबारकपुर में शिया सुन्नी दंगे में हुई एक हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने 12 आरोपियों को दोषी करार दिया है। यह फैसला जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयप्रकाश पांडेय ने शुक्रवार को सुनाया है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए अगली तारीख 17 फरवरी निर्धारित की है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी मुकदमा नासिर हुसैन ने मुबारकपुर थाने में 30 अप्रैल 1999 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नासिर हुसैन ने अपनी तहरीर में बताया था कि उसके चाचा अली अकबर निवासी पूरा ख्वाजा 27 अप्रैल 1999 से लापता हैं।

अली अकबर के लड़के जैगम ने 28 अप्रैल को गुमशुदगी की सूचना थाने पर दी थी। इसके बाद अली अकबर की सिर कटी लाश राजा भाट के पोखरे से 30 अप्रैल को बरामद हुई थी।

विवेचना के दौरान यह पता चला कि मोहर्रम के जुलूस से लौटते समय अली अकबर को सुन्नी संप्रदाय के लोगों ने मारपीट कर उनकी हत्या कर दी थी।
कोर्ट में प्रेषित की गई चार्जशीट

इस मामले में पुलिस ने हुसैन अहमद निवासी हैदराबाद, मोहम्मद अयूब फैजी, हाजी मोहम्मद सुलेमान, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मोहम्मद याकूब सभी निवासी दुल्हनपूरा, अली जहीर, नजीबुल्लाह, इरशाद निवासी पूरासोफी, हमीदुल्लाह उर्फ झीनक, मोहम्मद असद हाजी अब्दुल खालिक अफजल अलाउद्दीन दिलशाद तथा वसीम निवासी हैदराबाद के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित किया।
कोर्ट में पेश हुए गवाह

इस दौरान मुकदमा हाजी मोहम्मद सुलेमान, नजीबुल्लाह, हमीदुल्लाह उर्फ झीनक तथा हाजी अब्दुल खालिक की मृत्यु हो गई। अभियोजन पक्ष की तरफ से डीजीसी फौजदारी प्रियदर्शी पीयूष त्रिपाठी एवं एडीजीसी दीपक कुमार मिश्रा ने कुल नौ गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया।

दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी हुसैन अहमद , मोहम्मद अयूब फैजी, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मोहम्मद याकूब, अली जहीर, इरशाद,मोहम्मद असहद, अफजल, अलाउद्दीन, दिलशाद तथा वसीम को अली अकबर की हत्या का दोषी करार दिया। अदालत ने सजा के बिना पर सुनवाई के लिए 17 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में वृंदावन सेक्टर-9 स्थित रेस्टोरेंट में चोरी, 24 घंटे में बदमाश गिरफ्तार
Pages: [1]
View full version: आजमगढ़ में 27 साल पहले हुए शिया-सुन्नी दंगे में हुई हत्या में 12 आरोपित दोषी करार, 17 फरवरी को होगी अगली सुनवाई