Chikheang Publish time 2026-2-13 16:56:47

नोएडा में युवक को सड़क पर घसीटकर लाठियों से पीटा, बाइक से कुचलने का वीडियो वायरल

जागरण संवाददाता, नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना इलाके के छपरौली गांव में एक युवक को सड़क पर घसीटकर, डंडे से बुरी तरह पीटा गया और फिर बाइक से कुचल दिया गया। 10 फरवरी की इस घटना का वीडियो शुक्रवार को ऑनलाइन वायरल होने के बाद पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया।
अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। युवक का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

नोएडा के शाहपुर गांव का रहने वाला हिमांशु 10 फरवरी को छपरौली गांव में अपनी मौसी के घर गया था। शादी समारोह में शामिल होने के दौरान बाइक हटाने को लेकर गांव वालों से कहासुनी हो गई। झगड़ा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने हिमांशु को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
वीडियो ऑनलाइन वायरल

घटना का एक मिनट 11 सेकंड का वीडियो भी ऑनलाइन वायरल हो गया। वीडियो में हिमांशु सफेद कपड़े पहने दिख रहा है। दो युवक उसे दोनों हाथों से घसीटते हुए ले जा रहे हैं। एक युवक दौड़कर आता है और उसे थप्पड़ मारता है। इसी बीच, दूसरा युवक डंडा लेकर आता है। वह हिमांशु को डंडे से पीटता है।

एक और युवक बाइक से उसे कुचलकर मारने की कोशिश भी करता है। पीछे से आ रही महिलाएं छोड़ने की गुहार लगा रही हैं। ADCP नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पीड़ित हिमांशु के पिता ज्ञानेंद्र की शिकायत के आधार पर एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: नोएडा में आवारा सांड ने इंजीनियर को किया गंभीर रूप से घायल, हेलमेट तोड़ माथे में लगा सींग
Pages: [1]
View full version: नोएडा में युवक को सड़क पर घसीटकर लाठियों से पीटा, बाइक से कुचलने का वीडियो वायरल