मोतिहारी हवाई अड्डे की भूमि पैमाइश शुरू, अतिक्रमण हटाकर जल्द बनेगी चाहरदीवारी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/Motihari-Airport-1770990348911_m.webpमोतिहारी हवाई अड्डे की भूमि पैमाइश शुरू (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, मोतिहारी। मोतिहारी हवाई अड्डा को उड़ान योजना में शामिल किए जाने के बाद अब इसकी उपलब्ध 25 एकड़ भूमि की पैमाइश प्रारंभ कर दी गई है। पैमाइश के क्रम में कई जगहों पर अतिक्रमण की भी बात सामने आई है। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने भूमि को अतिक्रमण किया है। प्रशासनिक स्तर पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित भी किया जा रहा है।
बताया गया कि पैमाइश का कार्य पूरा होने के बाद हवाई अड्डा की भूमि की चाहरदिवारी का निर्माण कार्य कराया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर एक सप्ताह के अंदर पैमाइश का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
छोटे उड़ान की यहां होगी व्यवस्था
मोतिहारी हवाई अड्डा से छोटे उड़ान की व्यवस्था होगी। इसके लिए पूर्व से भूमि भी है। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के यहां होने के कारण इसकी आवश्यकता और अधिक महसूस की जा रही है। मोतिहारी में हवाई अड्डा के लिए अभी 25 एकड़ भूमि उपलब्ध है।
बताया गया कि जल्द ही चाहरदिवारी के निर्माण के बाद प्रशासनिक भवन व यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के लिए कार्य कराए जाएंगे। यहां भूमि अधिग्रहण की समस्या नहीं होने के कारण योजना को जल्द पूरा किया जाएगा।
बता दें कि लंबे समय से लोग मोतिहारी में हवाई अड्डा की मांग कर रहे थे। अगर सेवा प्रारंभ होती है तो लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे उड़ान के सपने आम लोगों का साकार होगा। साथ ही उन्हें किफायती दर पर यह सेवा मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को मिलेगा लाभ
जिले में पर्यटक स्थल का भ्रमण करने बाहर से आने वालों को भी इस सेवा से लाभ मिलेगा। सोमेश्वरनाथ मंदिर, केसरिया, सत्याग्रह स्थल, विराट रामायण मंदिर व सीताकुंड आदि क्षेत्रों के भ्रमण करने आने वालों को यह सुविधा बेहतर लाभ देगा। साथ ही पर्यटक स्थलों का महत्व भी बढेगा।
उड़ान योजना के तहत मोतिहारी हवाई अड्डा को विकसित करने को ले कार्य किया जा रहा है। भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसकी चाहरदिवारी का निर्माण कराने के अलावा जल्द अन्य कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। - मुकेश कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, पूर्वी चंपारण
रक्सौल हवाई अड्डा के भूमि अधिग्रहण कार्य तेज, मुआवजा का किया जा रहा भुगतान
[*]रक्सौल में हवाई अड्डा के भूमि अधिग्रहण का कार्य भी अब अंतिम चरण में है। भू-स्वामियों के मुआवजा भुगतान को लेकर शिविर लगाया जा रहा है।
[*]जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में रक्सौल हवाईअड्डा के विस्तारीकारण परियोजना मे अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान हेतु हवाई अड्डा परिसर में ही शिविर का आयोजन किया गया। आज के शिविर मे हितबद्ध रैयतों से कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए।
[*]जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के जांचोपरांत शीघ्र ही रैयतों बैंक खाता मे मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
Pages:
[1]