मेरठ में महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार, 10.5 किग्रा गांजा बरामद
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/Police-Arrest-1771002876336_m.webpजागरण संवाददाता, मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने ओडियन सिनेमा के पास महिला सहित दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 10.5 किग्रा गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ओडियन सिनेमा के पास शुक्रवार को वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देख एक ई-रिक्शा चालक ने तेज गति कर दी गई। शक होने पर उसे रोककर ई-रिक्शा की तलाशी ली तो शीट के नीचे से गांजे के पैकेट बरामद हुए। गांजे का वजन 10.5 किग्रा पाया गया।
इसके बाद चालक व ई-रिक्शा में बैठी महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पूछताछ में आरोपितों की पहचान रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर के रहने वाली तान्या पत्नी अजय व राहुल के रूप में हुई।
एसएसपी ने परेड का निरीक्षण कर पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
एसएसपी ने शुक्रवार को परेड का निरीक्षण कर पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में हथियारों व वाहनों के रखरखाव और अभिलेखों की स्थिति का परीक्षण किया। परेड के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की वर्दी की सुसज्जा, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, कदमताल व ड्रिल का अवलोकन किया।
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में अनुशासन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद एसएसपी ने बैरक, आरटीसी, मैस, लाइब्रेरी, घुड़सवार दल व पुलिस कंट्रोल रूम का भ्रमण किया। अर्दली रूम की पेशी कर रजिस्टरों की जांच कर उनके रख-रखाव के बारे जरुरी दिशा निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, प्रशिक्षण की व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। अंत में एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पुलिस लाइन की सभी व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनाई जा सकें।
Pages:
[1]