मुजफ्फरपुर में महाशिवरात्रि और होली से पहले हाई अलर्ट, डीजे पर रहेगा बैन
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/muzaffarpur-news-(74)-1771005625725_m.webpसंयुक्त बैठक करते जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक। (जागरण)
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। महाशिवरात्रि में विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम सुब्रत कुमार सेन एवं एसएसपी कांतेय कुमार मिश्रा ने विस्तृत समीक्षा की।
दोनों अधिकारियों ने संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि दोनों अनुमंडलों में कुल 27 जुलूस प्रस्तावित हैं। जिलाधिकारी ने थाना स्तर पर जुलूसों की समीक्षा करने तथा प्रत्येक जुलूस की पूर्व अनुमति, रूट चार्ट एवं समय-सीमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डीजे यंत्र पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या समिति उपयोग करती है तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहने तथा विधि-व्यवस्था पर सतत नजर रखने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा मानकों का कड़ाई से हो पालन
मेले, झांकियां, जुलूस एवं मौत का कुआं जैसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सतत मानीटरिंग करने को कहा गया।
जुलूसों की प्रभावी निगरानी करते हुए शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इंटरनेट मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। जलाशयों के समीप होने वाले आयोजनों को देखते हुए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को आवश्यकतानुसार नाव एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
होली को देखते हुए शराब की जब्ती को लेकर तेज करें छापामारी अभियान
होली को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग को संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। अवैध शराब की जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जब्त शराब का विधिसम्मत विनष्टीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
Pages:
[1]