deltin33 Publish time 2026-2-13 23:27:51

कश्मीर से विस्थापन का दर्द झेल चुके कारोबारी की हत्या से गांव में मातम, जाने जाते थे सादगी के लिए

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/Vikarm-Village-1771006528510_m.webp

बाजपुर के ग्राम पिपलिया में स्थित विक्रम शर्मा का आवास। जागरण



संवाद सहयोगी, बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। विकासखंड के ग्राम पिपलिया निवासी स्वर्गीय अमृतलाल शर्मा के ज्येष्ठ पुत्र एवं खनन कारोबारी विक्रम शर्मा की देहरादून में हत्या किए जाने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई और जिसने भी यह खबर सुनी, वह सन्न रह गया। परिजनों और ग्रामीणों को इस अचानक हुई घटना पर अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है।

देश विभाजन के बाद कश्मीरी हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचारों के चलते अमृतलाल शर्मा वर्ष 1950 में अपने परिवार के साथ बाजपुर क्षेत्र के ग्राम पिपलिया में आकर बस गए थे।

उस समय क्षेत्र में रोजगार के साधन सीमित थे। ऐसे में परिवार के कई सदस्यों ने झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटा समूह के एक प्लांट में रोजगार के लिए आवेदन किया, जहां मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अनेक लोगों को नौकरी दी गई।

इसी क्रम में अमृतलाल शर्मा और उनके दोनों पुत्र विक्रम शर्मा व अरविंद कुमार शर्मा भी वहीं रहने लगे। वर्ष 2012 में अमृतलाल शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद पूरा परिवार पुनः पिपलिया लौट आया। इसके बाद वर्ष 2013-14 में दोनों भाइयों ने छोई रोड पर पिता के नाम से ‘अमृत स्टोन क्रशर’ की स्थापना की।

विक्रम शर्मा कारोबार के सिलसिले में जमशेदपुर, नोएडा और देहरादून आते-जाते रहे। उन्होंने देहरादून में अपना आवास भी बना लिया था, जहां वह पत्नी सोनिया और बेटी के साथ रहते थे।

वहीं, उनके भाई अरविंद शर्मा बच्चों की शिक्षा के उद्देश्य से काशीपुर के पवन विहार क्षेत्र में रहने लगे। वर्तमान समय में स्टोन क्रशर की देखरेख उनके परिचित सुमित शर्मा द्वारा की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार विक्रम शर्मा और उनका परिवार क्षेत्र में अपनी सादगी व व्यवहार के लिए जाना जाता था। बाजपुर क्षेत्र में उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। ऐसे में उनकी हत्या से लोग गहरे सदमे में हैं।
जमशेदपुर में हुई दोनों भाइयों की शिक्षा

विक्रम शर्मा और अरविंद शर्मा का बचपन जमशेदपुर में ही बीता। दोनों भाइयों ने वहीं से अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान समय में भी उनका वहां कारोबार बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- देहरादून गैंग्स्टर हत्याकांड: कहीं शिष्य अखिलेश ने तो नहीं कराई गुरु विक्रम की हत्या?

यह भी पढ़ें- पॉश कॉलोनी, महंगी गाड़ियां और खौफनाक अतीत; देहरादून में कुख्यात विक्रम शर्मा की हत्या ने खोले कई राज
Pages: [1]
View full version: कश्मीर से विस्थापन का दर्द झेल चुके कारोबारी की हत्या से गांव में मातम, जाने जाते थे सादगी के लिए