Chikheang Publish time 2026-2-14 00:56:17

मैनपुरी में कुत्तों के झुंड ने बाड़े में बंधी भेड़ों पर बोला हमला, 38 भेड़ों को उतारा मौत के घाट

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/mainpuri-news-(2)-1771010525657_m.webp

गांव चढ़रऊआ में कुत्तों के हमले के बाद बाड़े में मृत पड़ी भेंडें



जागरण संवाददात, मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव चढरऊआ में गुरुवार रात बाड़े में बंधी भेड़ों पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। हमले में 38 भेड़ मर गईं, जबकि पांच घायल हो गईं। आवाज सुनकर आए ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया।

पशु पालन विभाग की टीम द्वारा घायल भेड़ों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने पशु पालक की तहरीर पर पोस्टमार्टम कराने के बाद मृत भेड़ों को गड्ढा खुदवाकर दफन करा दिया है।

एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव चढरऊआ निवासी अजीत कुमार भेड़ और बकरी पालन कर स्वजन का भरण पोषण करते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार रात को भी भेड़ घर के बाहर स्थित बाड़े में बंधी थीं। तभी रात 12 बजे के करीब कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर भेड़ों पर हमला बोल दिया।

कुत्ते नोंचकर खा रहे थे और भेड़ चिल्ला रही थीं। आवाज सुनकर अजीत वहां पहुंचे और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया। इसके बाद जब अजीत ने बाड़े में जाकर देखा तो वहां 38 भेड़ें मरी पड़ी थीं।

जबकि पांच घायल मिलीं। सूचना पर शुक्रवार को स्थानीय पुलिस और पशु पालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जहां पशु चिकित्सकों द्वारा घायल भेड़ों का इलाज किया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मृत भेड़ों के शव का गड्ढा खोदकर दफन करा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
Pages: [1]
View full version: मैनपुरी में कुत्तों के झुंड ने बाड़े में बंधी भेड़ों पर बोला हमला, 38 भेड़ों को उतारा मौत के घाट