deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

प्रयागराज में बड़ी चोरी की वारदात: ज्वेलरी शॉप का शटर टेढ़ा कर ₹60 लाख के गहने ले उड़े चोर, व्यापारियों में दहशत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/prayagraj-news-(7)-1771013333832_m.webp

आभूषण की दुकान में चोरी के बाद जुटी भीड़



जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सदर बाजार चौराहा स्थित एक आभूषण की दुकान को गुरुवार देर रात चोरों ने खंगाला डाला। शटर टेढ़ाकर भीतर दाखिल हुए चोर 15 किलो से अधिक चांदी व 100 ग्राम सोने के आभूषण उठा ले गए। इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये है। शुक्रवार सुबह कैंट पुलिस को खबर मिली तो वह मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। हालांकि, चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।

कैंट थानांतर्गत गंगानगर नेवादा राजापुर निवासी प्रियांशु वर्मा की सदर बाजार चौराहे पर आभूषण की दुकान है। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार सुबह दुकान के सामने रहने वाले नीरज यादव ने उनको फोन किया। बताया कि उनकी दुकान का शटर टेढ़ा है।

खबर पाते ही प्रियांशु वर्मा मौके पर पहुंचे। शटर टेढ़ा था। वह भीतर दाखिल हुए तो दरवाजे पर लगा शीशा टूटा था। सोने-चांदी के सभी आभूषण गायब थे। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई। खबर पुलिस को मिली तो वह घटनास्थल पर पहुंची।

प्रियांशु ने पुलिस को बताया कि 15 किलो से अधिक चांदी व 100 ग्राम सोने के जेवरात चोर उठा ले गए हैं। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। दुकान से चोरों के अंगलियों के निशान लिए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और डीवीआर उठा ले गई।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार का कहना है कि मामले की तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की दो टीमों के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है और जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

व्यापारियों का लगा जमावड़ा, बोले घटना का शीघ्र हो राजफाश

घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे। प्रयागराज जिला महानगर उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक राजीव कृष्ण श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष अनूप वर्मा, महामंत्री निखिल पांडेय, प्रियांक वर्मा, श्रीकांत सोनी, प्रशांत चौरसिया, केशव सिंह चौहान, कृष्णा सिंह, रिंकू गुप्ता आदि ने घटना के शीघ्र राजफाश की मांग की है। वहीं, इलाहाबाद ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बदमाशों की गिरफ्तारी कर चोरी के आभूषणों की बरामदगी की मांग पुलिस अधिकारियों से की है।

यह भी पढ़ें- शामली में नलकूपों से तांबा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक रात में 8 ट्यूबवेल को बनाते थे निशाना
Pages: [1]
View full version: प्रयागराज में बड़ी चोरी की वारदात: ज्वेलरी शॉप का शटर टेढ़ा कर ₹60 लाख के गहने ले उड़े चोर, व्यापारियों में दहशत