कानपुर में फैक्ट्री हादसा: प्रेशर मशीन का पार्ट टूट कर गिरा, ऑपरेटर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/Kanpur-News-1771052323994_m.webpजागरण संवाददाता, कानपुर। सचेंडी के पंचमपुरवा स्थित झुनझुनवाला कंपाउंड स्थित बोरी फैक्ट्री में शनिवार सुबह मशीन का प्रेशर पार्ट टूट कर गिरने से ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पाकर स्वजन ने फैक्ट्री पहुंच हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्वजन को समझाने का प्रयास कर रही है। वहीं स्वजन मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े है।
पंचम पुरवा निवासी 30 वर्षीय अवधेश कुमार पत्नी साधना देवी तीन बच्चे आठ वर्षीय अर्चना ,छह वर्षीय सुनैना और चार वर्षीय पंकज के साथ रहते थे।इसके अलावा परिवार में पिता सुभाष ,मां राजश्री और बड़े भाई रामकुमार है।
भाई रामकुमार ने बताया कि अवधेश काफी समय से पंचमपुरवा की झुनझुनवाला कंपाउंड स्थित बोरी फैक्ट्री में हाइड्रोलिक मशीन के ऑपरेटर का काम कर रहे थे।पिता सुभाष भी इसी फैक्ट्री में कार्यरत हैं।
सुबह छह बजे के करीब मशीन का ऊपर का प्रेशर पार्ट टूटकर अवधेश के ऊपर गिर गया जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फैक्ट्री के गार्ड परशुराम ने देखा तो घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर स्वजन और अन्य साथी कर्मचारियों ने शव को मशीन के पास रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
साथी कर्मचारियों का कहना है कि जो प्रेशर पार्ट नीचे गिरा वह काफी समय से खराब था, बताने के बाद भी फ़िटर और मालिक ने सही नहीं कराया।
प्रेशर पार्ट करीब डेढ़ कुंतल वजन का है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस हंगामा कर रहे स्वजन और लोगो को समझाने का प्रयास कर रही है।वही कर्मचारी मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
Pages:
[1]