Delhi-Saharanpur Highway पर कार में गंभीर हालत में मिले ग्राम पंचायत सचिव की मौत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/ankur-R-1771058341675_m.webpअंकुर भारद्वाज का फाइल फोटो। सौ. स्वजन
जागरण संवाददाता, बागपत। काठा गांव के पंचायत सचिव अंकुर भारद्वाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रिवर पार्क के पास कार में गंभीर हालत में मिले थे। उनकी गाजियाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान जान गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
गांव बिजरौल निवासी 28 वर्षीय अंकुर भारद्वाज वर्ष 2018 में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी वर्तमान में तैनाती काठा में पंचायत सचिव के पद पर थी। इस गांव के प्रधान कृष्णपाल के मुताबिक गुरुवार को अंकुर के बारे में जानकारी की तो कहा कि विकास भवन में काम करने के बाद गांव में आएंगे।
थोड़ी देर बाद पिलाना ब्लाक में तैनात एक पंचायत सचिव ने गांव के युवक सतीश को फोन करके बताया कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बागपत में रिवर पार्क के पास अंकुर को अचानक कुछ हो गया है, हालत गंभीर है। इसका पता चलते ही वह और सतीश मौके पर पहुंचे। अंकुर को पहले जिला अस्पताल, फिर बड़ौत के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के रेफर करने पर पीड़ित स्वजन ने गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल भर्ती कराया, जहां पर देर शाम उनकी मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि अस्पताल से जानकारी मिली थी कि जहरीला पदार्थ खाए हुए पंचायत सचिव अंकुर आए हैं, जिनकी गाजियाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का सही पता चलेगा। शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वजन का कहना है कि अंकुर को कोई परेशानी नहीं थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है। घटना से स्वजन गमजदा हैं।
वाट्एसप ग्रुप पर मैसेज देख साथी कर्मचारी हुए हैरान
पंचायत सचिवों के वाट्सएप ग्रुप पर सुबह 11:15 बजे मैसेज देख साथी कर्मचारी हैरान रह गए। उनकी मौत से विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों में शोक छाया है।
Pages:
[1]