बागेश्वर के फुलवारी गांव में दिनदहाड़े रसोई घर में घुसा गुलदार, दहशत से कई गांव सहमे
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/leopard-bageshwer-1771063737587_m.webpग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग से निगरानी बढ़ाने तथा पिंजड़ा लगाने की मांग की है। Jagran
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। जिले के फुलवारी, मगरुपहरी, विजोरीझाल तथा फटगली सहित आसपास के गांवों में दिनदहाड़े गुलदार की बढ़ती आवाजाही से लोगों में भय का माहौल है। वह दिन दहाड़े एक रसोई घर में घुस गया। इसके अलावा पालतू मवेशियों को निवाला बनाने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग से निगरानी बढ़ाने तथा पिंजड़ा लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को फुलवारी निवासी प्रवीन सिंह के घर की रसोई में दिनदहाड़े गुलदार घुस आया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर थे, जिन्होंने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। घटना के बाद से गांव में दहशत फैल गई है तथा लोग बच्चों व महिलाओं को अकेले बाहर नहीं भेज रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से गुलदार लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है तथा कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बना चुका है।
ग्राम प्रधान हीरा कोहली, प्रधान मीरा देवी व प्रधान शीतल आर्या ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दिनदहाड़े हो रही घटनाओं से ग्रामीणों का जीवन खतरे में पड़ गया है। स्थानीय निवासी भास्कर तिवारी ने कहा कि छोटे बच्चे, बुजुर्ग तथा महिलाएं बेहद भयभीत हैं। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
ग्रामीण सुभाष सिंह, भूपाल सिंह समेत कई लोगों ने वन विभाग से पिंजड़ा लगाने, गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी करने की मांग की है। इधर, एसडीओ तनुजा परिहार ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। विभागीय टीमों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि शाम तथा रात के समय अकेले न निकलें, बच्चों को घर के आसपास ही रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें।
यह भी पढ़ें- देहरादून में घर के आंगन से पालतू डॉगी को उठा ले गया गुलदार, CCTV में कैद हुआ पूरा मंजर
यह भी पढ़ें- गुर्राता हुआ डिप्टी रेंजर के पीछे भागा गुलदार, अन्य घटना में हरिद्वार से बुलंदशहर जा रहे पर कांवड़िये पर किया हमला
Pages:
[1]