बाइक सवार के मंदिर से टकराने पर एक युवक की मृत्यु, एक की हालत गंभीर
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/accident1-1771064188273_m.webpचंदौली में सड़क हादसा: मंदिर से टकराई बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर।
जागरण संवाददाता, चंदौली। सकलडीहा–कमालपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर लगभग एक बजे सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय अमन गुप्ता की मृत्यु हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक घायल हो गया। मृतक धीना थाना के बेटाडीह गांव निवासी सुनील गुप्ता का पुत्र था और इन दिनों अपने ननिहाल खरखोलिया में रह रहा था। हादसे से स्वजन बिलख पड़े।
स्थानीय लोगों के अनुसार डेढ़ावल गांव के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दैतरावीर बाबा मंदिर से टकरा गई। टक्कर के बाद अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक पर पीछे बैठा बिलासपुर (छत्तीसगढ़) निवासी 20 वर्षीय धीरज गुप्ता पुत्र गुड्डू गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, दोनों धीना थाना के जलालपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वहां से किसी कार्य से सकलडीहा की ओर जाते समय दुर्घटना हुई।
राहगीरों और आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद धीरज की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्वजन अस्पताल पहुंच गए थे।
Pages:
[1]