गलत ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में हादसा; महिला गिरी, पहियों की चपेट में आने से दोनों टांगें कुचलीं, हालत गंभीर
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/bathinda-railway-station-1771069692563_m.webpबठिंडा रेलवे स्टेशन। (फाइल फोटो।)
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ट्रेन में चढ़ते समय अचानक संतुलन खो बैठी और नीचे रेलवे लाइनों में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला की दोनों टांगें ट्रेन के पहियों की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत शोर मचाया और रेलवे कर्मियों को सूचना दी। घटना के बाद कुछ समय के लिए प्लेटफार्म पर दहशत का माहौल बन गया।
घायल महिला की पहचान कविता शर्मा निवासी मानसा के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वह लखनऊ जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी।
यह भी पढ़ें- 16 से चंडीगढ़ में खूब मनोरंजन, टैगोर थिएटर में इंटरनेशनल पपेट शो, देश-विदेश के कलाकार हंसाएंगे
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि वह गलती से गलत ट्रेन में चढ़ने लगी थी और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। हालांकि कुछ यात्रियों ने प्लेटफार्म पर सुरक्षा इंतजामों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि प्लेटफार्म पर पर्याप्त निगरानी और सहायता व्यवस्था होती तो शायद यह हादसा टल सकता था।
सूचना मिलते ही सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के सदस्य विक्की कुमार मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें- बठिंडा सूटकेस हत्याकांड; परिजन पीछे हटे, अस्थियां लेने से किया इंकार, सहारा संस्था ने निभाई अंतिम जिम्मेदारी
टांगों पर आई गंभीर चोटें
अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की दोनों टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं। डाक्टरों ने तुरंत टांके लगाकर उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल रहा। इस हादसे ने एक बार फिर प्लेटफार्म सुरक्षा, जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने की प्रवृत्ति और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें- युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम में मिली सफलता; फिरोजपुर में 22 किलो हेरोइन संग चार गिरफ्तार, हथियार- ड्रग मनी जब्त
Pages:
[1]