cy520520 Publish time 2026-2-14 18:27:37

कचरा फेंकने जा रही वृद्धा को बुआ कहकर छुए पैर, कान से कुंडल उतारकर रफूचक्कर हो गया बदमाश

जागरण संवाददाता, झांसी। कचरा फेंकने जा रही एक वृद्धा को बदमाश ने रोका और बुआ के सम्बोधन से पुकारते हुए पैर छू लिए। इसके बाद उसने बड़ी चालाकी से उनके कान से सोने की बाली व उस पर पहनी जाने वाली जंजीर (कनचढ़ी) उतार ली। इतना ही नहीं, वह वृद्धा को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश करने लगा तो मोहल्ले वालों ने शोर मचाया। इस पर बदमाश अपनी बाइक लेकर भाग गया। घटना की सूचन पुलिस को दी गई।

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित मसीहागंज में बौद्ध नगर निवासी दिनेश वर्मा ने बताया कि उनकी दादी रुनिया देवी उर्फ रुन्नो शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे घर से कचरा फेंकने निकलीं। कचरा फेंक कर वह जैसे ही वापस आने को हुईं, बाइक सवार एक युवक ने उन्हें बुआ पुकारते हुए रोक लिया।

मम्मी के लिए बनवाना है ऐसी ही कुंडल

उसने दादी के पैर छुए और कानों में पहनी सोने की बाली की तारीफ करते हुए कहा कि उसे अपनी मम्मी के लिए ऐसे ही कुण्डल बनवाने हैं। बातों में उलझाकर उन्हें कुछ सुंघा दिया और एक कान की बाली और कनचढ़ी उतार ली।

वहां चहल-पहल अधिक थी, इसलिए दूसरे कान की बाली उतारने के लिए उसने दादी को अपनी बाइक बैठाया और कहीं दूसरी जगह ले जाने का प्रयास किया। यह देख वहाँ से निकल रहे मोहल्ले वालों ने शोर मचा दिया।

यह भी पढ़ें- 150 की रफ्तार से ट्रक में घुसी कार, चार्टर्ड अकाउंटेंट की जिंदा जलकर मौत; हालत देख पत्नी हुई बेसुध

इस पर वह उन्हें बाइक से उतारकर भाग गया। दिनेश ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल के आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के कई फुटेज निकाले। इनमें वह युवक और उसका एक साथी दिखाई दे रहा है। बाइक पर नम्बर प्लेट भी नहीं है।
Pages: [1]
View full version: कचरा फेंकने जा रही वृद्धा को बुआ कहकर छुए पैर, कान से कुंडल उतारकर रफूचक्कर हो गया बदमाश