प्यार के लिए रिश्तों का कत्ल; संबंधों में बाधा बने दो मासूम, बठिंडा में मां ने जहर देकर को उतारा मौत के घाट
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/murder-(46)-1771076854910_m.webpमां ने की बच्चों की हत्या। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा जिले के गांव फूलेवाला में प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे अपने ही बच्चों को एक मां ने चूहे मारने वाली जहरीली दवा देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने पिता बुध सिंह की शिकायत पर मां जस्सी कौर, उसकी बहन मोटू कौर और एक अन्य व्यक्ति लक्खी सिंह निवासी गांव महल कलां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपित मां समेत दो महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरा आरोपित अभी फरार है। मामला तब उजागर हुआ जब दस दिनों के भीतर सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। पहले युवती की रहस्यमय हालात में मृत्यु हुई और अब उसके सात वर्षीय छोटे भाई की भी अचानक मौत हो गई तो लोगों ने जांच के लिए पुलिस से गुहार लगाई और निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 10 दिन पहले आरोपित जस्सी कौर ने अपनी 12 वर्षीय बेटी को चूहे मारने वाली गोलियां खिलाई थीं, जिससे उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय परिवार ने इसे सामान्य मौत मानते हुए बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद 13 फरवरी की रात जस्सी कौर ने अपने 8 वर्षीय बेटे फतेहबीर को भी वही जहरीली दवा पिलाई, जिससे उसकी भी मौत हो गई। जब लगातार दो बच्चों की मौत हुई, तो गांव के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
यह भी पढ़ें- मोगा में भाई के घर घुस गोली चलाने वाला काबू; लाइसेंसी हथियार व 6 गोलियां बरामद, मामूली झगड़ा बना खून की वजह
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/14/template/image/controversial-death-Bathinda-accused-1771061319545.jpg
पुलिस की तरफ से हिरासत में ली गई मां व उसकी बहन।
गांव वालों ने जताया संदेह, पुलिस तक पहुंचा मामला
शनिवार सुबह गांव के सरपंच समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण फूल थाने पहुंचे और दोनों भाई-बहन की मौत को लेकर बच्चों की मां पर गहरा संदेह जताया। गांव निवासी भरपूर सिंह ने बताया कि पूरे गांव को बच्चों की मौत पर शक है और ग्रामीण चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए तथा दोषियों को सख्त सजा मिले। ग्रामीणों के दबाव और पिता के बयान के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक बच्चों की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो जस्सी कौर टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपित महिला जस्सी कौर के गांव मेहराज के एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध थे। उसके बच्चे इन संबंधों में बाधा बन रहे थे। इसी कारण उसने अपनी बहन मोटू कौर और जानकार लक्खी सिंह के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया। आरोपित महिला ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर दोनों बच्चों को चूहे मारने वाली जहरीली गोलियां दीं, ताकि वे उसके रास्ते से हट जाएं।
यह भी पढ़ें- मलोट के गुरुद्वारा भाई जगता जी में प्रधानगी विवाद; पगड़ियां उछलीं, बस को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
दो आरोपित गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपित जस्सी कौर और उसकी बहन मोटू कौर को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपित लक्खी सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। हालांकि प्रारंभिक जांच और आरोपियों के कबूलनामे से यह स्पष्ट हो चुका है कि बच्चों को जहर देकर मारा गया।
मामले की जांच जारी
एसपी (डी) जसमीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 8 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सामने आया था। गांववासियों और परिवार को शक था कि बच्चे की मौत की वजह उसकी मां है। जांच में यह सामने आया कि महिला ने पहले 12 वर्षीय बेटी और फिर 8 वर्षीय बेटे को चूहे मारने वाली गोलियां देकर हत्या की। पुलिस ने आरोपित मां समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस जघन्य अपराध में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हरियाणा पुलिस अधिकारी की सजा रद, हाईकोर्ट ने अत्यधिक देरी से समीक्षा को अवैध ठहराया
Pages:
[1]