नोएडा में जापानी कपंनी 10 एकड़ में लगाएगी फूड प्रोसेसिंग प्लांट, यीडा सिटी में किया जा रहा 200 करोड़ का निवेश
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/YEIDA-1770785195493-1771090418589-1771090425590_m.webpयीडा सिटी में जापान करने जा रहा है निवेश। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यीडा सिटी में जापान फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश करने जा रहा है। जापान की क्यूपी काॅरपोरेशन ने यीडा सिटी में दस एकड़ में दो सौ करोड़ की लागत से फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का फैसला किया है। प्राधिकरण अधिकारियों के साथ शुक्रवार को कंपनी के अधिकारियोंं की बैठक में इस पर सहमति बनी।
बैठक की अध्यक्षता यीडा सीईओ आरके सिंह ने की। सीईओ ने क्यूपी काॅरपोरेशन के अधिकारियों से कहा कि निवेश और भूमि आवश्यकताओं का विस्तृत अंतिम प्रस्ताव प्रस्तुत करें। प्रस्तावकी जांच कर बोर्ड एवं उद्योग विभाग से औपचारिक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
क्यूपी काॅरपोरेशन जापान की एक वैश्विक अग्रणी फूड प्रोसेसिंग कंपनी है, एग योल्क आधारित मेयोनीज और उमामी आदि कंपनी के उत्पाद खासियत हैं। जापान के बाजार में कंपनी की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी यीडा क्षेत्र में 200 करोड़ का निवेश करेगी।
यीडा के औद्योगिक पार्कों में 8 से 10 एकड़ भूमि मांगी है। कंपनी के प्लांट अमेरिका, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया और चीन में भी है। यीडा क्षेत्र में प्लांट स्थापित होने से भारतीय बाजार में कंपनी की उपस्थिति मजबूत होगी।
प्राधिकरण एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कंपनी अधिकारियों को यीडा क्षेत्र के संरचनात्मक ढांचे एवं सुविधाओं से अवगत कराया। कंपनी अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही कंपनी के निदेशक मंडल के समक्ष निवेश प्रस्ताव रखा जाएगा। स्वीकृति के बाद निवेश प्रस्ताव पर आगे बढ़ा जाएगा।
ज्ञात हो कि यह यीडा सिटी में तीसरा फूड प्रोसेसिंग प्लांट होगा । इससे पहले पतंजलि व इनोवा कंपनी को फूड प्रोसेसिंग प्लांट के लिए जमीन आवंटित की गई है।
यह भी पढ़ें- बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक नोएडा मेट्रो का नया कॉरिडोर, एक्वा लाइन DMRC की ब्लू-मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी
Pages:
[1]