deltin33 Publish time Yesterday 23:26

जमशेदपुर में खाना बनाने के दौरान फटा प्रेशर कुकर, 6 महीने के मासूम सहित 3 लोग घायल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/Pressure-Cooker-Blast-1771092864547_m.webp

खाना बनाते समय फटा कूकर। (AI Generated Image)



जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गम्हरिया प्रखंड के अंतर्गत छोटा गम्हरिया इलाके में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया।

यहां अर्जुन मंडल के घर में खाना बनाने के दौरान प्रेशर कुकर किसी शक्तिशाली बम की तरह फट गया। इस भीषण विस्फोट की चपेट में आने से रसोई में मौजूद दो महिलाएं और महज छह माह का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि न केवल कुकर के परखच्चे उड़ गए, बल्कि घर की छत पर लगा छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अर्जुन मंडल के घर में दोपहर के भोजन की तैयारी चल रही थी। पार्वती मंडल और उनकी पुत्रवधू भवानी मंडल रसोई में काम कर रही थीं। वहीं पास में ही छह माह का नन्हा आयन मंडल भी था।

अचानक प्रेशर कुकर के भीतर दबाव इतना बढ़ा कि वह भीषण आवाज के साथ फट गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि कुकर के लोहे के तीखे टुकड़े मिसाइल की तरह कमरे में चारों ओर फैल गए, जिससे वहां मौजूद तीनों लोग लहूलुहान हो गए।
धमाके की आवाज से मची अफरातफरी

धमाके की आवाज सुनकर पूरी बस्ती में अफरातफरी मच गई और लोग अनहोनी की आशंका में अर्जुन मंडल के घर की ओर दौड़ पड़े।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पड़ोसियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। कमरे के भीतर से उठते धुएं और चीख-पुकार के बीच लोगों ने तुरंत पार्वती मंडल, भवानी मंडल और मासूम आयन को बाहर निकाला। बिना वक्त गंवाए, घायलों को पास के गम्हरिया अस्पताल ले जाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि धमाका इतना जबरदस्त था कि कुकर का ढक्कन और शरीर के हिस्से मुड़कर छर्रों में तब्दील हो गए थे।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, समय रहते इलाज मिलने के कारण तीनों घायलों की स्थिति अब नियंत्रण में है। हालांकि, हादसे के बाद से परिवार के सदस्य और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर कुकर का कोई बड़ा टुकड़ा सीधे मासूम को लगता तो परिणाम और भी घातक हो सकते थे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कुकर के सेफ्टी वाल्व के जाम होने या खराब गुणवत्ता के कारण अक्सर ऐसे जानलेवा हादसे होते हैं।
Pages: [1]
View full version: जमशेदपुर में खाना बनाने के दौरान फटा प्रेशर कुकर, 6 महीने के मासूम सहित 3 लोग घायल