LHC0088 Publish time 2026-2-15 09:27:31

NH-9 पर ब्रेजा से टकराई आई-20, कार में शराब बिखरने पर ड्राइवर को घसीटकर पीटा; वीडियो वायरल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Jagran-News-(470)-1771128330591_m.webp

गाजियाबाद में एनएच-9 पर कार चालक को घसीटकर पीटा। (वीडियो ग्रैब)



जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद के कवि नगर थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर खड़ी ब्रेजा गाड़ी में पीछे से आई-20 कार टकरा गई। ब्रेजा कार में चार से पांच युवक बैठकर शराब पी रहे थे।

वहीं, टक्कर लगने से शराब का गिलास और चखना बिखर गया। इससे गुस्साए युवकों ने आई-20 कार चालक पंकज को एनएच नौ पर घसीटा और लात-घुसों से पीटा।
सोने की चेन और नकदी लूटने का आरोप

आरोप कि युवक पीड़ित के गले से दो ताेले की सोने की चेन, 22 हजार रुपये, मोबाइल और गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए। इस दौरान एनएच नौ पर डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

मूल रूप से हापुड़ के गांव हरिपुरा निवासी पंकज कुमार वेव सिटी में रहते हैं। वह अपनी आई-20 कार में शुक्रवार रात 10 बजे वेव सिटी जा रहे थे। एनएच नौ पर पर ब्रेजा कार खड़ी थी। कार की लाइटें भी बंद थीं। पंकज की आई-20 कार ब्रेजा से टकरा गई।
कार से खींचकर निकाला

बताया कि ब्रेजा में चार से पांच युवक शराब पी रहे थे। टक्कर लगने पर वह बाहर निकले। इस दौरान पंकज ने भी अपनी गाड़ी की खिड़की खोल दी। ब्रेजा सवार युवकों ने पंकज को कार से बाहर खींच लिया।

इस दौरान उन्होंने उसे सड़क पर गिराकर घसीटा और लात-घूंसे से पीटा। बड़ी संख्या में मौके पर राहगीर एकत्रित हो गए। पंकज हाथ जोड़कर माफ करने और क्षतिग्रस्त गाड़ी को ठीक कराने की गुहार लगाता रहा लेकिन आरोपी उसे घसीटते रहे।

बताया गया कि सड़क पर 10 मिनट मारपीट करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पंकज का आरोप है कि वह जाते समय उनकी सोने की चेन, मोबाइल, उनकी दूसरी कार की चाबी ले गए। पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें- Delhi-Saharanpur Highway पर कार में गंभीर हालत में मिले ग्राम पंचायत सचिव की मौत

पंकज के सिर, कंधे और पैर में चोट आई है। पंकज ने फोन कर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पंकज को जिला एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंची और उपचार कराया। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
ऑफ ड्यूटी पुलिसकर्मी ने पीड़ित को बचाया

जब पंकज को आरोपी युवक पीट रहे थे तो वहां से एक एक पुलिसकर्मी गुजर रहा था। वह उस दौरान ड्यूटी पर नहीं था। पुलिसकर्मी ने पंकज को बचाया और स्थानीय पुलिस को उन्होंने भी फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस की कई गाड़ी मौके पर पहुंची। वहीं इस दौरान बड़ी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए। राहगीर तमाशबीन बनकर पीड़ित की वीडियो बनाते रहे।


घटना की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम ग्रेटर नोएडा रवाना हो गई है। कार टकराने पर आरोपितों ने मारपीट की थी। लूटपाट हुई थी या नहीं इसकी जांच की जा रही है। - सूर्यबली मौर्य, एसीपी, कवि नगर
Pages: [1]
View full version: NH-9 पर ब्रेजा से टकराई आई-20, कार में शराब बिखरने पर ड्राइवर को घसीटकर पीटा; वीडियो वायरल