बाजपुर में वन विभाग की तस्करों से मुठभेड़, गोलियां चलीं; खैर की लकड़ी जब्त
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/72890937-1771132101455_m.webpबरामद माल के साथ वन विभाग की टीम। जागरण
संवाद सहयोगी, बाजपुर। बरहैनी क्षेत्र में वन तस्करों से तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की टीम का शनिवार सुबह सामना हो गया। मुठभेड़ में दोनों तरफ से पांच राउंड गोलियां चलीं, लेकिन वन क्षेत्र का फायदा उठाते हुए तस्कर भाग निकले।
शनिवार सुबह 6 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि एक दर्जन तस्कर वन क्षेत्र में कटान कर रहे है। प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चंद्र तिवारी के निर्देश एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी मनिंदर कौर के नेतृत्व में गठित टीम ने तस्करों का पीछा किया। वन कर्मियों ने तस्करों को घेरने की कोशिश की तो खैर के गिल्टों से लदी बाइकें असंतुलित होकर गिर गईं, गिरते ही तस्करों ने टीम पर चार राउंड फायरिंग की , जवाब में वन विभाग की टीम ने भी एक राउंड फायर किया।
हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मुठभेड़ की सूचना पर वन विभाग की अन्य क्षेत्रों की टीमें भी बरहैनी रेंज में पहुंच गईं और संभावित तस्करों के घरों पर दबिश दी जा रही है। इस अभियान में 20 नग खैर की लकड़ी और तस्करी में प्रयुक्त तीन बाइकें जब्त की गईं।
वन विभाग ने नामजद आरोपित हरसान थापकनगला निवासी दलजीत एवं चार अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी बरहैनी कृष्ण सिंह मेहरा, पूरन चंद्र जोशी (पीपलपड़ाव), जगदीश चंद्र जोशी (गदगदिया), तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर एसओजी वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी, वन रक्षक आदित्य सिंह, अनिल थायत, विवेक गोस्वामी, सागर पाल समेत अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- फर्जी मुठभेड़ केस! अपहरण किए व्यक्ति की मौत का जिम्मेदार पंजाब पुलिस का ASI विदेश में छिपा, गैर जमानती वारंट जारी
यह भी पढ़ें- हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के आरोपित को गोली लगी, दारोगा भी घायल
Pages:
[1]