हरियाणा: एक साथ जली पांच दोस्तों की चिता, गोहाना के पास भीषण सड़क हादसे में रोहतक के 5 युवकों की मौत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/last-rites-1771138590323_m.webpगोहाना के पास भीषण सड़क हादसे में रोहतक के पांच युवकों की मौत हो गई (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, रोहतक। गोहाना के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रोहतक के पांच युवकों के शवों का शनिवार को पीजीआइ खानपुर में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शवों को उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
तीन युवक, दीपक, साहिल और अंकुश गांव खिड़वाली के थे। तीनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। वहीं घुसकानी गांव के गोलू और सागर का अंतिम संस्कार उनके गांव में किया गया। एक साथ पांच युवकों की मौत से खिड़वाली, घुसकानी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रोहतक से सात दोस्त गोहाना क्षेत्र के गांव भावड़ में एक शादी समारोह में भात भरने जा रहे थे। गांव खिड़वाली में दीपक के चचेरे भाई की शादी थी और घर में खुशियों का माहौल था। शाम करीब साढ़े चार बजे दीपक अपने छह दोस्तों के साथ काली स्कार्पियो में सवार होकर निकला था। परिजनों ने हंसी-खुशी विदा किया, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह सफर उनकी आखिरी यात्रा साबित होगा।
गांव भावड़ से घड़वाल संपर्क मार्ग पर तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी पेड़ में धंस गई। आसपास के लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत से युवकों को बाहर निकाला, लेकिन पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतकों की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच बताई गई है। दीपक वाहन चला रहा था। वह 12वीं पास था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार ने मन्नतों के बाद उसे पाया था। अंकुश भी अपने माता-पिता का एकमात्र सहारा था। साहिल के घर में भी शादी की तैयारियां चल रही थीं।
गोलू ही विवाहित था, जबकि बाकी युवक अविवाहित थे। हादसे के बाद घायलों को तुरंत पीजीआइएमएस खानपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गांव खिड़वाली के युवक अंकित का इलाज जारी है। इसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अंकित को खानपुर पीजीआइ से शिफ्ट करवाकर अब रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके सिर में गंभीर चोटें हैं और पसलियां गुर्दे में धंस गई है। जबकि मोहित को मामूली चोटें आई थी और वह खतरे से बाहर है।
मोहित को मामूली चोटें लगीं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। शनिवार को जब पांचों शव गांवों में पहुंचे तो मातम छा गया। जिन घरों में ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजन जवान बेटों के शवों से लिपटकर बिलखते रहे।
Pages:
[1]