LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

महराजगंज में 11000 वोल्ट का तार हटवाने और मृतक के स्वजन को मुआवजा की मांग, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/sadak-jaam-1771145453085_m.webp



संवाद सूत्र (चौक बाजार), महराजगंज। आबादी के बीच से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के नंगे बिजली तार को हटवाने और मृतक के स्वजन को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने रविवार को चौक-निचलौल मार्ग स्थित टीकर परसौनी चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। जिससे आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस के अश्वासन पर घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ।

प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी के नेतृत्व में सुबह 11.30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने परसौनी चौराहे पर बैठ अपना विरोध जताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि परसौनी गांव निचलौल फीडर से जुड़ा है और गांव के बीचो-बीच घनी आबादी के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का नंगा तार खींचा गया है।

क्या है आरोप?

आरोप है कि इस तार की वजह से पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में साबिया नामक महिला की करंट लगने से मृत्यु हो चुकी थी।

वहीं, 30 जनवरी को छत का प्लास्टर करते समय दो मिस्त्री करंट की चपेट में आ गए थे, जिनमें रमन चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर हाई वोल्टेज लाइन को आबादी के ऊपर से निकाला गया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है।

यह भी पढ़ें- फर्जी PCS ने जिम संचालक से की 48 लाख की ठगी, मार्केट में हॉल दिलाने के नाम पर ऐंठे पैसे

ऐसे में नंगे तार को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। चौक थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
Pages: [1]
View full version: महराजगंज में 11000 वोल्ट का तार हटवाने और मृतक के स्वजन को मुआवजा की मांग, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम