खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर! 23 फरवरी से चलेगी कुरुक्षेत्र-फुलेरा स्पेशल ट्रेन
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/train-(1)-1771150276656_m.webpखाटू श्याम फाल्गुन मेला: कुरुक्षेत्र-फुलेरा स्पेशल ट्रेन 23 फरवरी से शुरू। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। खाटू श्याम में आयोजित फाल्गुन लक्खी मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कुरुक्षेत्र और फुलेरा जंक्शन के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन कुरुक्षेत्र से फुलेरा जंक्शन के लिए 23 से 28 फरवरी तक संचालित की जाएगी, जबकि वापसी में फुलेरा जंक्शन से कुरुक्षेत्र के लिए यह गाड़ी 24 फरवरी से एक मार्च तक चलेगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि वैवाहिक सीजन, धार्मिक आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के कारण इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रियों को सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस ट्रेन से हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे चलेगी और कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अतेली, नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कांवट, श्रीमाधोपुर, रिंगस, रेनवाल में स्टाप लेते हुए अगले दिन सुबह 7:30 बजे फुलेरा जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में ये ट्रेन फुलेरा जंक्शन से सुबह 9:50 बजे चलेगी और रेनवाल, रिंगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, नीम का थाना, डाबला, नारनौल, अतेली, कुंड, रेवाड़ी, झज्जर, अस्थल बोहर, रोहतक, जींद, नरवाना, कैथल स्टेशन पर रुकते हुए रात 8:00 बजे कुरुक्षेत्र जंक्शन पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर ठहराव होने से मार्ग के छोटे-बड़े शहरों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
मैं अक्सर खाटू श्याम दर्शन के लिए जाता हूं। कुरुक्षेत्र से फुलेरा स्पेशल ट्रेन चलने से मुझ जैसे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। अब इस ट्रेन के चलने से फाल्गुन मेला में जाने में काफी आसानी होगी। - मंदीप सिंह, श्रद्धालु।
मेरे लिए यह मेला स्पेशल ट्रेन बेहद उपयोगी साबित होगी। रेलवे का यह फैसला पूरी तरह श्रद्धालुओं के हित में है। मेले में जाने के लिए सभी श्रद्धालुओं को इसका बहुत फायदा मिलेगा। - अंशुल गुप्ता, श्रद्धालु।
Pages:
[1]