cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

मुजफ्फरपुर में सभी प्रखंड व अंचल कार्यालयों में लगेंगे सीसीटीवी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/CC-camera-1771150232516_m.webp

एसडीओ पूर्वी और पश्चिमी को शीघ्र सभी संबंधित कार्यालयों में कैमरे स्थापित कराने की जिम्मेदारी सौंपी। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Block Circle Office Security: प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

यह निर्देश शनिवार को जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जिला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिया। उन्होंने एसडीओ पूर्वी और पश्चिमी को शीघ्र सभी संबंधित कार्यालयों में कैमरे स्थापित कराने की जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने पीएचईडी और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चापाकल चालू अवस्था में रहें। जो चापाकल खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त कराया जाए। इसके लिए महादलित टोलों में टीम गठित कर निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने खराब सोलर लाइट को 72 घंटे के भीतर ठीक कराने का आदेश दिया। समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन भुगतान पर जोर

बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जीवन प्रमाणीकृत पेंशनधारियों के मार्च 2016 से मार्च 2025 तक लंबित बकाया भुगतान की समीक्षा की गई। डीएम ने नियमानुसार लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बताया गया कि कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना 2025-26 के अंतर्गत जिले में 3288 लाभार्थी हैं। वहीं राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना 2025-26 के तहत 423 तथा मुख्यमंत्री राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना 2025-26 के तहत 22 लाभार्थी चिह्नित किए गए हैं। साथ ही 16 फरवरी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण

उच्चस्तरीय बैठक से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर डीएफओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक और एलईओ के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय बैठकों में अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और इसके लिए जवाबदेही तय की जाएगी।
Pages: [1]
View full version: मुजफ्फरपुर में सभी प्रखंड व अंचल कार्यालयों में लगेंगे सीसीटीवी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश