खत्म हुआ इंतजार! 62.7 किमी लंबा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आवागमन शुरू होने को लेकर बड़ा अपडेट, इस माह से फरेंगे फर्राटा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Kanpur-Lucknow-Expressway-1771150311975_m.webpजागरण संवाददाता, उन्नाव। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के संचालित होने के अब तक कई दावे अधिकारियों द्वारा किए जा चुके हैं। दावों के अनुसार जिसकी आखिरी तारीख 30 नवंबर 2025 भी बताई गई थी। हालांकि अभी भी एक्सप्रेसवे संचालन की स्थिति में नही है।
इस बाबत नवागत पीडी एनएचएआइ लखनऊ यूनिट नकुल वर्मा का ने तीन दिसंबर को दावा किया था कि मार्च 2026 में होली के दौरान एक्सप्रेस वे हर हाल में चालू हो जाएगा। हालांकि पीडी ने अपना दावा एक बार फिर संशोधित कर दिया है। अब पीडी का दावा है कि मार्च में तो नहीं लेकिन अप्रैल 2026 में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सफर का अवसर सभी को अवश्य मिलने लगेगा।
पीडी ने बताया कि अभी लखनऊ में स्कूटर इंडिया चौराहे के पास थोड़ा काम शेष है। जिसके पूरा होने में डेढ़ माह का समय लगेगा। वहीं पीडी ने इस बार टेंटेटिव (संभावित) तारीख की घोषणा भी की है। जिसमें एक अप्रैल को मार्ग का संचालन किए जाने का दावा किया है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण की शुरुआत पांच जनवरी 2022 को हुई थी। फिलहाल एक्सप्रेस वे के जारी निर्माण को चार साल हो चुके हैं।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे फिलहाल छह लेन में बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के शहीद पथ के पास से शुरू होकर बनी, कांथा, अमरसस को जोड़ते हुए कानपुर-लखनऊ नेशनल हाइवे के आजाद मार्ग पर गंगाघाट क्षेत्र में गांव कडेर पतारी पर समाप्त हो रहा है। वहीं इसे कानपुर के उद्योग पथ से भी जोड़ा जाएगा। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे व लखनऊ की बाहरी रिंग रोड को भी इसके साथ जोड़ा जाएगा। वैसे मार्ग का निर्माण जुलाई 2025 तक पूरा किया जाना था।
एक्सप्रेस वे निर्माण में देश में पहली बार एआइएमजीसी (आटोमेटेड इंटेलिजेंस मशीन गाइडेड कंस्ट्रक्शन) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। लखनऊ-कानपुर के बीच 63 किलोमीटर के इस एक्सप्रेसवे में बनी से लेकर कानपुर तक 45 किलोमीटर का ग्रीन फील्ड क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। ग्रीन फील्ड के क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के निर्माण में एआइएमजीसी तकनीक के साथ-साथ जीपीएस (वैश्विक स्थान निर्धारण प्रणाली) व थ्रीडी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे : एक नजर में
कुल लंबाई
62.7 किमी (17.7 किमी एलीवेटेड लखनऊ में, शेष 45 किमी ग्रीनफील्ड उन्नाव में)
कुल लागत
4700 करोड़ (उन्नाव क्षेत्र में 1578 करोड़)
मौजूदा चौड़ाई
6 लेन (भविष्य में 8 लेन तक विस्तार)
उन्नाव में शुरुआत
आजाद चौराहा से कडेर पतार गांव के सामने, उन्नाव शुक्लागंज बाईपास
अंतिम छोर
शहीद पथ, लखनऊ
निर्माण एजेंसी
एनएचएआई लखनऊ यूनिट
वर्तमान प्रगति
92 प्रतिशत
मिलेगी यह राहत
सफर का समय
3–4 घंटे से घटकर 35–45 मिनट
अधिकतम गति सीमा
100–125 किमी/घंटा
Pages:
[1]