Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

पटना NEET छात्रा मौत मामले में CBI टीम पहुंची जहानाबाद, परिजनों से साढ़े 3 घंटे की पूछताछ

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/NEET-STUDENT-DEATH-CASE-(2)-1771155634299_m.webp

गांव पहुंची सीबीआई की टीम। (जागरण)



संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। नीट छात्रा की मौत मामले में जांच के लिए रविवार को सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) की टीम छात्रा के गांव पहुंची।

सीबीआई के आईजी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय टीम ने स्वजन से अलग-अलग पूछताछ कर कई जानकारियां जुटाईं। टीम सुबह 8:40 बजे गांव पहुंची और दोपहर 12:10 बजे तक रुकी, करीब साढ़े तीन घंटे तक पूछताछ की कार्रवाई चलती रही।
प्रिंटर और लैपटॉप साथ लेकर पहुंचे थे अधिकारी

सीबीआई अधिकारी प्रिंटर और लैपटॉप साथ लेकर पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान घर में मौजूद कुल छह सदस्यों माता-पिता, दादी, भाई, भाई की पत्नी तथा फुआ से अलग-अलग कमरे में बयान लिया गया।

अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब टाइप कर मौके पर ही प्रिंट निकाला गया, जिस पर स्वजन से हस्ताक्षर कराकर उसे सील किया गया। पूछताछ के दौरान कुछ समय पर अधिकारी बाहर आकर आपस में चर्चा करते और पुनः स्वजन से पूछताछ करते दिखे।
सीबीआई टीम लेकर गई थी सामान

सीबीआई टीम छात्रा से संबंधित कुछ सामान भी अपने साथ ले गई, जिनमें किताबें, एक चाकू, नेल कटर तथा कुछ कपड़े शामिल हैं।

भाई का मोबाइल भी मांगा गया, स्वजन द्वारा बताया गया कि मोबाइल खराब हो गया था, जिसे बनने के लिए मखदुमपुर के एक दुकान में दिया गया है, टीम ने शीघ्र ही मोबाइल उपलब्ध कराने को कहा। पांच गाड़ियों से टीम पहुंची थी, जिनमें झारखंड से आए एक आईजी, एक एसपी, चार महिला पदाधिकारी सहित स्थानीय स्तर पर शकुराबाद थानाध्यक्ष भी शामिल थे।

छात्रा की मां ने टीम से कहा कि पहले भी स्थानीय पुलिस पूछताछ के लिए आई थी, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर सीबीआई अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले की गहराई से जांच कर जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। सीबीआई जांच में देरी होने के सवाल पर बताया कि मामला देर से मिलने के कारण निष्पक्ष जांच करने में देर होती है। इस मामले में ज्यादा देर नहीं होगी। भरोसा दिलाया कि मामले का निष्पक्ष अनुसंधान किया जाएगा।

गांव में सीबीआई की मौजूदगी को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों की नजरें अब जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- नीट छात्रा केस: सीबीआई ने गर्ल्स हॉस्टल में शुरू की जांच; 5 बोरियों में क्‍या भरकर ले गई?
Pages: [1]
View full version: पटना NEET छात्रा मौत मामले में CBI टीम पहुंची जहानाबाद, परिजनों से साढ़े 3 घंटे की पूछताछ